कानपुर। पावर ट्रांसफार्मर खराब होने से चमनगंज में बुधवार रात से बिजली गुल है। बिजली नहीं आने से करीब डेढ़ लाख की आबादी प्रभावित है। इससे नाराज लोगों ने कई बार सब स्टेशन पहुंचकर हंगामा किया। आठ अन्य सब स्टेशन फाल्ट के कारण घंटों बंद रहे।
चमनगंज सब स्टेशन का दस एमवीए का पावर ट्रांसफार्मर बुधवार रात 12 बजे खराब हो गया। इससे पूरे क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। बिजली नहीं आने से लोगों के सामने पानी का संकट खड़ा हो गया। इस सब स्टेशन में दो पावर ट्रांसफार्मर लगे हैं। एक दस एमवीए और दूसरा पांच एमवीए का है। पांच एमवीए का ट्रांसफार्मर ठीक है। इससे कुछ क्षेत्र में बिजली दी जा सकती है लेकिन लोगों के हंगामा करने और लाइन बदलने से ओवरलोडिंग के कारण यह ट्रांसफार्मर भी फुंकने की आशंका के चलते इसे बंद कर दिया गया। लंबे समय तब बिजली नहीं आने पर कई लोगों सब स्टेशन पहुंचे पर अधिकारियों ने उन्हें समझाबुझाकर वापस भेजा। सब स्टेशन पर एहतियातन पुलिस लगा दी गई है। उधर, आरपीएच ग्रिड सब स्टेशन की सीटी में खराबी आने से फूलबाग, सरसैयाघाट, दालमंडी, घंटाघर, शनिदेव, झाड़ी बाबा पड़ाव सब स्टेशन सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक बंद रहे। वहीं लाइन खराबी के कारण खास बाजार और छप्पर सब स्टेशन शाम पांच बजे से 5:35 बजे तक बंद रहे। मीता सराय सब स्टेशन के इनकमर में खराबी सेे साइट नंबर तीन की बिजली दोपहर तीन से शाम छह बजे तक बंद रही। चुन्नीगंज में भैंसा गोदाम में अंडर ग्राउंड केबिल फाल्ट से पानी की टंकी और सुदर्शन नगर की बिजली दोपहर 2:20 से रात आठ बजे तक बंद थी। काम चल रहा था।
नौबस्ता से अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर लाकर चमनगंज सब स्टेशन में लगाया जाएगा। यह काम कम से कम शुक्रवार शाम तक पूरा होने की उम्मीद है। इस कारण शुक्रवार शाम तक चमनगंज की बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
आरडी पांडेय, अधिशाषी अभियंता मुख्यालय
--
चमनगंज के लोग धैर्य से काम लें। तकनीकी दिक्कत के कारण परेशानी आई है। केस्को से जल्द काम पूरा करने को कहा गया है। जल संस्थान से जरूरत पर पानी के टैंकर भेजने को कहा है। कानून व्यवस्था के मद्देनजर सब स्टेशन पर पुलिस तैनात कर दी गई है।
-अविनाश सिंह, एडीएम सिटी