औरैया में बिना आमंत्रण के पत्नी अपने चाचा के बेटे की शादी में शामिल होने गई तो नाराज पति की उससे बहस हो गई। इसके बाद पति ने सोशल मीडिया पर फोटो डालकर आत्महत्या करने की कोशिश की।
युवक ने स्टोरी फोटो में कीटनाशक की शीशी लगाकर लिखा कि आज शाम आठ बजे जिंदगी खत्म करेंगे, मेरा बाबू मेरी बात नहीं मानता...। उधर, मीडिया सेल की सक्रियता से पुलिस ने आठ बजे से पहले ही युवक को खोज निकाला ओर उसे बचा लिया।
बेला थाना के एक गांव निवासी युवक के स्टेटस को देखकर सक्रिय हुई टीम ने तुरंत युवक का पता निकालकर बिधूना सीओ व बेला थाना पुलिस को सूचना दी। शाम 7:50 बजे के करीब सीओ बिधूना पी पुनीत मिश्रा और थानाध्यक्ष गंगादास गौतम गांव के बाहर खेतों में मौजूद युवक के पास पहुंच गए।
वह युवक को बेला थाना ले गए। युवक ने पुलिस को बताया कि पत्नी के एक चाचा के बेटे की शादी सात मई को थी। इसमें शामिल होने के लिए उनके चाचा ने कार्ड नहीं दिया था और न ही उससे आने के लिए कहा था।