कानपुर। खाद की कालाबाजारी और मनमानी बिक्री पर कृषि विभाग ने उर्वरक की तीन दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए। इन दुकानदारों ने एक ही दिन में 500 से अधिक बोरी खाद बेच दी। यहां कार्रवाई कृषि अधिकारी अरुणेश प्रताप सिंह ने की है।
जिला कृषि अधिकारी अरुणेश प्रताप सिंह ने बताया कि जारी शासनादेश के अनुसार, एक फसल के लिए किसान को प्रति हेक्टेयर अधिकतम सात बोरी यूरिया और पांच बोरी डीएपी ही उपलब्ध कराई जानी है। छह जून को जांच में सरसौल ब्लॉक के पाली भोगीपुर स्थित शिव शक्ति बीज भंडार से एक दिन में 68 बोरी, बिल्हौर के मल्लापुर स्थित रमेश खाद भंडार से 50 बोरी तथा अरौल स्थित बालाजी खाद एवं बीज भंडार से 582 बोरी खाद की बिक्री किए जाने का पता चला था। सबसे अधिक बिक्री बालाजी खाद एवं बीज भंडार ने एक ही दिन में 582 बोरी की। इससे कालाबाजारी की आशंका हुई। इसके बाद तीनों दुकानों की बिक्री पर रोक लगाकर कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया था। जांच के दौरान विक्रेता स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए। इस पर तीनों दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए।