फोटो: 17 बीहड में तेंदुए की चहलकदमी पर नजर रखने पहुंचे रेंजर सत्यनारायण यादव
बच्चों को घर के बाहर नहीं निकलने दे रहे ग्रामीण
संवाद न्यूज एजेंसी
चकरनगर। ब्लाॅक क्षेत्र के जौनानी गांव में शनिवार शाम तेंदुए के जमुनापारी बकरी पर हमले से ग्रामीणों मे दहशत है। ग्रामीणों को डर है कि तेंदुआ पशुओं की जगह कहीं किसी इंसान पर हमला न कर दे। ऐसे में लोग अब अपने पशुओं को बीहड़ में चराने ले जाने से डर रहे हैं।
शनिवार को जौनानी निवासी अमर सिंह की जमुनापारी बकरी बीहड़ मे चरने गई हुई थी। तभी शाम करीब पांच बजे पशुपालक जब बकरियों को घर ला रहा था, तभी झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया और बकरी को मार डाला। शोर सुनते ही आसपास के चरवाहे लाठी-डंडों के साथ मौके पर पहुंचे और आवाजें कर तेंदुए को भगाया। जिससे तेंदुआ झाड़ियों में चला गया।
सूचना पर वन विभाग की टीम पहुंची और सर्च अभियान चलाया लेकिन तेंदुए का कहीं पता नहीं चला। रविवार को रेंजर सत्यनारायण यादव ने भी जंगल में कांबिंग की और ग्रामीणों से सतर्क रहने, बच्चों और पशुओं को जंगल की ओर न भेजने की अपील की। ग्रामीणों को इस बात का सबसे ज्यादा डर है कि कहीं तेंदुआ छोटे बच्चों पर हमला न कर दे। ऐसे में वह अपने बच्चों को घर के बाहर नहीं निकलने दे रहे हैं।