रिश्वत लेते लेखपाल का वीडियो वायरल
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के उरई जिले में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में कागजात व पंजीयन के नाम पर किसानों से पैसा लेना लेखपाल को भारी पड़ गया। लेखपाल का पैसे लेते वीडियो वायरल होते ही जिला प्रशासन हरकत में आया और अपर जिलाधिकारी ने मामले को संज्ञान में लेते हुए तत्काल प्रभाव से लेखपाल को निलंबित कर दिया। एडीएम की इस बड़ी कार्रवाई से लेखपालों में हड़कंप मच गया है।
बता दें कि केन्द्र सरकार ने किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत जमीन की सीमा को खत्म करते हुए सभी किसानों को सम्मान निधि का लाभ देने की घोषणा की है। इसको लेकर जिले में सभी किसानों के पंजीयन का कार्य चल रहा है। इस पंजीयन कार्य में लगे लेखपालों ने योजना में लूटखसोट मचा रखी है।
गांव क्षेत्र में किसानों से लेखपाल पंजीयन के नाम पर दो से तीन सौ रुपए ले रहे हैं। मामले को लेकर कई बार किसानों ने जिलाधिकारी व अपर जिलाधिकारी से शिकायत की, लेकिन हर बार मामला जांच की व्यवस्था में फंसकर रह जाता था। कई शिकायतों के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई न होने से लेखपालों के हौसले बुलंद है। आलम यह है कि वह खुलेआम रिश्वत लेने से भी परहेज नहीं कर रहे है।
बुधवार को कोंच तहसील के ग्राम कुंवरपुरा में लेखपाल वीरसिंह पंजीयन के लिए गांव पहुंचे। यहां उन्होंने गांव में चौपाल लगाकर किसानों के पंजीयन का खेल शुरू किया और किसानों से दो सौ, तीन सौ रुपए मांगे। रुपए देते वक्त किसी किसान ने मोबाइल से वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।
वीडियो वायरल होते ही जिला प्रशासन हरकत में आया और मामले को लेकर एडीएम प्रमिल कुमार सिंह ने लेखपाल वीरसिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। उन्होंने सभी लेखपालों को चेतावनी दी है कि वह अपनी कार्यशैली में सुधार करें अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।