Kannauj News: तिर्वा कोतवाली क्षेत्र में मारपीट की घटना को लेकर लेखपाल व वकील आमने सामने आ गए। लेखपालों के प्रदर्शन के खिलाफ वकीलों ने भी मोर्चा खोल दिया। सूचना पर पहुंचे एसडीएम ने बातचीत कर मामला शांत कराया।
कन्नौज जिले के तिर्वा कोतवाली क्षेत्र में लगातार धरने पर बैठे लेखपालों को देख वकील भड़क गए और तहसील प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। वकीलों ने तहसील परिसर में घूमकर नारेबाजी करने लगे और लेखपालों के आमने सामने आ गए। बुधवार को तीसरे दिन हड़ताल पर बैठे लेखपालों को देख वकील आक्रोशित हो गए।
विज्ञापन
आक्रोशित वकीलों ने तहसील प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी और लेखपालों के धरनास्थल के सामने बैठकर नारेबाजी करने लगे। मामला बिगड़ता देख मौके पर पहुंचे एसडीएम से वकीलों ने कहा कि धरने पर बैठे लेखपालों के चलते जनता परेशान हो रही है। मारपीट की घटना को लेकर जब रिपोर्ट दर्ज हो गई है, तो लेखपाल किस बात को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे है।
एसडीएम अशोक कुमार ने लेखपालों को समझाबुझाकर धरनास्थल खाली करवा दिया। स्थल से लेखपालों के उठने के बाद वकीलों का गुस्सा शांत हुआ और आगे की रणनीति को लेकर चर्चा की गई। एसडीएम अशोक कुमार ने बताया कि लेखपालों की हड़ताल को लेकर लेखपाल संघ से बातचीत की जा रही है। मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।