हमीरपुर के सरीला में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। शादी के नौ साल बाद पत्नी को मारपीट कर मायके छोड़ गए पति ने कमाऊ बीवी से दूसरी शादी रचा ली। पीड़ित पत्नी ने ससुरालीजनों पर दहेज के खातिर मारपीट कर भगाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति सहित छह लोगों पर दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज किया है।
छिबौली गांव के कढ़ोरा प्रसाद की बड़ी बेटी किरन की शादी छह मई 2006 को महोबा जनपद के लोदीपुरा थाना पनवाड़ी गांव निवासी मनीष से हुई थी। किरन का आरोप है कि उसके पिता ने शादी में सामर्थ के अनुसार दान दहेज भी दिया था। शादी के समय मनीष शिक्षामित्र था। कुछ साल बाद वह अध्यापक हो गया तो ससुरालीजन सात लाख नगदी और दहेज की मांग करने लगे।
ससुरालीजनों का कहना था कि अध्यापक की शादी में दस लाख दहेज मिलता है जबकि उसके पिता ने तीन लाख में शादी निपटा दी। इसी बात को लेकर ससुरालीजन अक्सर मारपीट करने लगे। जुलाई 2016 में बेरहमी से मारपीट के बाद उसका पति उसे मायके छोड़ गया। इसके बाद नौ दिसंबर 16 को खन्ना गांव में कर ली। शादी के कार्ड में गांव पिता के नाम में हेराफेरी की गई।
तबसे वह अपने मायके में पिता पर बोझ बनकर रह रही है। थानाध्यक्ष जरिया महेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि पीड़ित महिला की तहरीर पर पति मनीष, ससुर शिवदयाल, सास कंची, जेठ सुरेश व जेठानी कस्तूरी तथा जेठ के लड़के पवन के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।