यात्रियों को सभा खत्म होने का इंतजार करना पड़ा
महोबा प्रधानमंत्री की रैली के चलते दो ट्रेनाें को दो घंटे तक पिछले स्टेशनाें पर रोके रखा गया। इससे यात्रियों को सभा खत्म होने का इंतजार करना पड़ा। मोदी के हैलीकाप्टर के उड़ान भरने के बाद करीब तीन बजे ट्रेनों को आगे बढ़ाया गया। इसके बाद यात्रियाें ने राहत की सांस ली।
सोमवार को रैली स्थल महोबा खजुराहो रेल लाइन के 100 कदम की दूरी पर कांशीराम कालोनी के सामने बनाया गया। स्थल के पास से खजुराहो से चलकर महोबा आने वाली ट्रेन डेढ़ बजे निकलती है। मोदी की सभा एक बजे से दो बजे के बीच में होने के कारण खजुराहो ट्रेन को पिछले रेलवे स्टेशन पठा में एक बजे रोक दिया गया। उधर इलाहाबाद से चलकर झांसी जाने वाली पैंसेजर ट्रेन में खजुराहो-महोबा पैसेंजर ट्रेन की छह बोगियां जोड़ी जाती है। रैली के चलते खजुराहो की ट्रेन महोबा रेलवे स्टेशन न आ पाने के कारण झांसी जाने वाली पैंसेजर ट्रेन को महोबा रेलवे स्टेशन में रोक दिया गया।
सभा समाप्त होने पर 2.35 बजे मोदी का उड़नखटोला उड़ने के बाद खजुराहो ट्रेन को रेलवे स्टेशन महोबा के लिए रवाना किया गया। इससे तीन बजे खजुराहो ट्रेन महोबा रेलवे स्टेशन पहुंची। इसके बाद झांसी ट्रेन को आगे बढ़ाया गया।