कानपुर। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) परिसर में ‘नो हेलमेट, नो एंट्री’ अभियान की पहले दिन ही हवा निकल गई। सोमवार को परिसर में बिना हेलमेट के छात्र-छात्राएं दोपहिया वाहन चलाते नजर आए। सुबह के समय मुख्य गेट पर सुरक्षा कर्मियों ने बिना हेलमेट के आने वालों को प्रवेश रोक दिया था, लेकिन दोपहर तक सख्ती ढिलाई में बदल गई।
सोमवार से विवि में बिना हेलमेट के प्रवेश को वर्जित किया गया था। सुबह के समय कई छात्रों को लौटा दिया गया। हालांकि सख्ती के बीच कई छात्र वैकल्पिक रास्तों से या भीड़ का फायदा उठाकर बिना हेलमेट परिसर में प्रवेश कर गए। इतना ही नहीं, अंदर कैंपस की सड़कों पर कई छात्र बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाते दिखाई दिए।
मीडिया प्रभारी डॉ. दिवाकर अवस्थी ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर यह अभियान लगातार चलाया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा कर्मियों को और सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। छात्रों से भी अपील की गई है कि वह अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें और हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाएं।