फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: अवैध खनन की सूचना पर पहुंचे कानूनगो, माफिया बोला- नहीं हट रहा तो चढ़ा दो डंपर, ठेकेदार समेत चार गिरफ्तार

Mon, 16 Oct 2023 02:06 PM IST
हिमांशु अवस्थी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर

सार

Kanpur News: एसडीएम नर्वल ने कहा कि खनन माफिया व उसके साथियों ने खनन रोकने पर राजस्व विभाग की टीम से भद्रता की। डंपर व जेसीबी चढ़ाकर हत्या का प्रयास किया। अवैध खनन की रिपोर्ट खनन विभाग के अधिकारियों को भेजी गई है। 
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कानपुर में नर्वल तहसील क्षेत्र की कटरी में शनिवार देर रात अवैध मिट्टी खनन की सूचना पर टीम के साथ पहुंचे कानूनगो को देख तिलमिलाए खनन माफिया ने अपने चालक से बोला अगर अधिकारी सामने से नहीं हट रहे तो चढ़ा दो उन पर डंपर। ठेकेदार का आदेश सुनते ही चालक ने सामने खड़े कानूनगो की तरफ डंपर और जेसीबी तेज रफ्तार में भगा कर कुचलने का प्रयास किया।

विज्ञापन

सूचना पर पहुंची पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर डंपर, जेसीबी सहित चार वाहनों को जब्त किया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल रहा। महाराजपुर थाना क्षेत्र के मूंजखेड़ा गांव में रात करीब 11 बजे ग्राम समाज की जमीन पर मिट्टी खनन किया जा रहा था। ग्रामीणों की सूचना पर एसडीएम नर्वल ऋषभ वर्मा के निर्देश पर कानूनगो शिवकिशोर तिवारी, तीन लेखपालों व आरआई समेत मौके पर पहुंचे।

ठेकेदार ने अधिकारी और कर्मचारियों से अभद्रता शुरू कर दी
कानूनगो ने सामने से आ रहे डंपर और जेसीबी को रोक लिया। तभी पीछे से आए कथित सपा नेता ठेकेदार राजेंद्र पासवान ने अधिकारी और कर्मचारियों से अभद्रता शुरू कर दी। कानूनगो के रोकने के बाद भी राजेंद्र पासवान ने खनन नहीं रोका, तो उन्होंने खुद डंपर के आगे खड़े होकर पुलिस को सूचना दी।  आरोप है कि इस बीच राजेंद्र ने डंपर चालक से कहा कि नहीं हट रहा है तो चढ़ा दो डंपर, जेसीबी जो होगा देख लिया जाएगा।

घेराबंदी कर ठेकेदार समेत चार को दबोच लिया
यह सुनते ही डंपर चालक ने तेज रफ्तार में वाहन आगे बढ़ा दिया। पास में खड़े कानूनगो के सहयोगी ने उन्हें धक्का मारकर जान बचाई। इसके बाद दुस्साहसी खनन माफिया वाहनों समेत मौके से भाग निकले। कानूनगो की सूचना पर एसीपी चकेरी अमरनाथ यादव व महाराजपुर थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घेराबंदी कर महाराजपुर निवासी ठेकेदार राजेंद्र पासवान, सूरज, रवि व फत्तेपुरवा गांव निवासी रमेश को दबोच लिया।

अवैध खनन समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज
उनके पास से मिले जेसीबी, दो डंपर, स्कार्पियो कार को जब्त किया। कार्यवाहक थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि कानूनगो की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी काम में बाधा डालने, अवैध खनन समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने सभी को जेल भेज दिया। वहीं,  डंपर और जेसीबी सहित सभी वाहनों को सीज किया गया।

चाहें लाखों खर्च हो जाएं, लौटकर तुमको देख लूंगा
पुलिस ने खनन माफिया राजेंद्र पासवान व उसके साथियों को गिरफ्तार कर लॉकप में बंद कर दिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि महाराजपुर थाना प्रभारी अभिषेक शुक्ला के अवकाश पर होने के कारण कार्यवाहक थाना प्रभारी पवन तिवारी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उन्होंने जब वह खनन माफिया को गिरफ्तार करने मौके पर पहुंचे तो राजेंद्र ने उन्हें धमकी देते हुए कहा कि चाहें मेरे लाखों खर्च हो जाएं, लौटकर तुमको देख लूंगा...। यह सुनते ही मोबाइल से फोटो खींच रहे दरोगा घबराकर किनारे हो गए। एक अन्य दरोगा ने आरोपियों की फोटो खींची।

सपा से रह चुका पूर्व जिला पंचायत सदस्य
खनन माफिया खुद को सपा नेता बताकर क्षेत्र में रौब गांठता था। वह पूर्व में जिला पंचायत सदस्य रह चुका है। बीते कार्यकाल में भी चुनाव लड़ा था, लेकिन जीत नहीं सका। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार सभी आरोपियों पर पहले से रिपोर्ट दर्ज है। राजेंद्र पर बलवा, मारपीट, धमकी, अवैध खनन के तीन मामले दर्ज हैं। सेवन सीएलए एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। रमेश, सूरज, रवि पर भी एक-एक मामला दर्ज है।

3500 रुपये में बेचा जाता है मिट्टी लदा एक डंपर
सूत्रों के अनुसार आसपास के क्षेत्र में प्लॉटिंग का धंधा जोरों पर है। खनन माफियाओं को इन प्लाटों पर मिट्टी डालकर भरान करने का जिम्मा दिया है। मिट्टी लदा एक डंपर 3500 रुपये में बेचा जाता है। इसमें पुलिस, राजस्व और खनन विभाग के खर्चे भी शामिल हैं। खनन माफियाओं ने महाराजपुर में कटरी क्षेत्र के नारायणपुर, रहनत, मूंजखेड़ा व कई पुरवों में सरकारी जमीनों और किसानों के खेतों में अवैध खनन करके उन्हें 12 से 15 फीट गहरे तालाबों में तब्दील कर दिया है। रात 10 बजे से सुबह चार बजे तक अवैध खनन किया जाता है।

पुलिस की सरपरस्ती में चल रहा था खनन का खेल
कमिश्नेट के कई ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध खनन चल रहा है। पुलिस और खनन विभाग के अधिकारी अवैध खनन की जानकारी होने के बाद भी अपनी आंखें मूंदे हैं। इससे खनन माफिया बेखौफ हो चुके हैं। शनिवार की रात खनन रोकने गई राजस्व विभाग की टीम पर हुआ हमला इसी का नतीजा है। इससे साफ है कि खनन विभाग के अधिकारियों और पुलिस की सरपरस्ती में खनन का खेल चल रहा है।
विज्ञापन

खनन माफिया व उसके साथियों ने खनन रोकने पर राजस्व विभाग की टीम से भद्रता की। डंपर व जेसीबी चढ़ाकर हत्या का प्रयास किया। अवैध खनन की रिपोर्ट खनन विभाग के अधिकारियों को भेजी गई है।  -ऋषभ वर्मा, एसडीएम नर्वल
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें