कन्नौज। एक गरीब महिला को जीवित रहते हुए ही मृत दिखाकर राशन कार्ड काट देने का मामला सोमवार को सामने आया है। पीड़िता ने कोटेदार और उसके परिजनों पर साजिश के तहत नाम कटवाने का आरोप लगाते हुए डीएम से न्याय की गुहार लगाई है।
विकास खंड तालग्राम के जुनैदपुर गांव निवासी शकुंतला ने बताया कि वह भूमिहीन, निर्धन और अति गरीब परिवार से है। उसका राशन कार्ड बना हुआ था। इससे उसे सरकार की मुफ्त राशन योजना का लाभ मिल रहा था। आरोप है कि गांव के कोटेदार और उसके परिजन ने साजिश कर उसे मृत दर्शाकर उसका राशन कार्ड कटवा दिया।
महिला ने बताया कि जब वह राशन लेने कोटे की दुकान पर गई तो कोटेदार ने बताया कि उसका नाम मृतक सूची में होने के कारण काट दिया गया है। इस कारण कई महीनों से उसे राशन नहीं मिल रहा है। इससे उसके परिवार के सामने भुखमरी की नौबत आ गई है। पीड़िता ने बताया कि उसने कई बार कोटेदार से अपना नाम दोबारा जुड़वाने की गुहार लगाई, लेकिन उसने कोई सुनवाई नहीं की। उल्टा धमकी देकर भगा दिया। शकुंतला ने जिलाधिकारी से शिकायत कर पूरे मामले की जांच कराकर दोषी कोटेदार के खिलाफ कार्रवाई करने और उसका राशन कार्ड बहाल कराने की मांग की है। उसने कहा है कि वह जीवित है और उसके सभी पहचान पत्र मौजूद हैं, फिर भी उसे मृत दिखा दिया गया। जिलापूर्ति अधिकारी राजीव कुमार मिश्रा का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है, जांच कराई जाएगी। यदि महिला जीवित है तो उसका राशन कार्ड बहाल कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।