सरवनखेड़ा। गजनेर थाना क्षेत्र के गंगरौली दलपतपुर मार्ग में दलपतपुर नाले के पास सोमवार सुबह दो बाइकों की भिड़ंत में घायल श्रमिक व किसान की मौत हो गई। किसान की बड़ी बेटी की 21 नवंबर को शादी होनी है, जिसकी तैयारियों में वह जुटे थे। खुशी वाले घर में अनहोनी पर मातम छा गया।
मान सिंह का पुरवा निवासी प्रदीप (20) सोमवार सुबह दोस्त आशीष के साथ बाइक से गांव की तरफ आ रहे थे। बाइक प्रदीप चला रहे थे तभी दलपतपुर नाले के पास सामने से बाइक से आ रहे आर्य नगर फतेहपुर रोशनाई निवासी समरजीत (45) की बाइक से आमने-सामने टकरा गई। बाइकें क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि प्रदीप व समरजीत गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक सवार आशीष भी घायल हो गए। सूचना पर आई पुलिस ने एंबुलेंस बुलाई और तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गजनेर भेजा। वहां डॉक्टर सिद्धार्थ गोपाल शर्मा ने प्रदीप को मृत घोषित कर दिया था। परिजन के अनुसार वह मजदूरी करते थे।
वहीं, अन्य दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज अकबरपुर रेफर किया गया था। इलाज के दौरान समरजीत की भी देर रात में मौत हो गई। मृतक समरजीत के भतीजे विनोद ने बताया कि चाचा किसान थे। खेतीबाड़ी कर परिवार का गुजारा करते थे। उनके चार बेटियां खुशबू, नियांशी, आकांक्षा, आरोही और एक बेटा आशीष है। बड़ी बेटी खुशबू की 21 नवंबर को सत्तू पुरवा सचेंडी से बरात आनी है। बेटी की शादी की तैयारियों के बीच उनकी मौत से पूरा परिवार सदमे में है। पत्नी किरण रोते-बिलखते यहीं कह रही थी की अब बेटी की शादी किस तरह से हो पाएगी। थानाध्यक्ष सनत कुमार ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।