इटावा/चकरनगर। मध्य प्रदेश में हो रही भारी बारिश से तहसील क्षेत्र चकरनगर में क्वार नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। दो गांव के ग्रामीण बाढ़ के पानी से कैद हो गए हैं। पांडरी ऊमरी मार्ग दूसरे दिन भी बाढ़ का पानी भरने से आवागमन बंद रहा। वहीं सहसों पुलिस की ओर से चंद्रहंसपुरा मोड़ पर बैरियर लगाकर आवागमन रोक दिया गया है।
क्वार नदी का जल स्तर सोमवार को भी तेज गति से बढ़ रहा हैं। नदी खतरे के निशान 125.96 को पार करते हुए 130.41 मीटर बह रही हैं। नदी किनारे बसे कोटरा बिरौना बाग गांव के ग्रामीण परेशानी में जी रहे है। बिरौना बाग निवासी सौरभ पाल ने बताया दो दिन मुख्य मार्ग में पानी भरा हैं। अब तो पानी गांव किनारे आ गया हैं।
सब्जी और बाजरे की फसल जलमग्न हो गई हैं। फूप चौरेला मुख्य मार्ग से मध्य प्रदेश के लिए जाने वाले पाढरी ऊमरी मार्ग पर भी बाढ़ का पानी भरा हैं। दो दिन से रास्ता बंद होने से राहगीरों को भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रीय लोगों को ऊमरी जाने के लिए 60 किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ रहा है। पहले पांडरी मार्ग से 15 किमी दूरी तह कर पहुंच जाते थे।
-
दो गांव के रास्तों में पानी भर गया है। राजस्व टीम गांव पहुंच गई है। पांडरी मार्ग में भी पानी भरा हुआ है। बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों की हर संभव मदद की जाएगी। कुंवारी नदी में भी पानी घटने के संकेत मिले है। ब्रह्मानंद कठेरिया, एसडीएम