कानपुर। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में नौ सितंबर से शुरू हो रहे एशिया कप के लिए मंगलवार को सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में भारतीय टीम की घोषणा हुई। गत वर्ष के चैंपियन भारत को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले चाइनामैन कुलदीप यादव पर इस बार भी चयनकर्ताओं ने भरोसा जताया है। इंग्लैंड दौरे से लौटने के बाद कुलदीप जाजमऊ स्थित अपने होम ग्राउंड रोवर्स मैदान पर कोच कपिल पांडे की देखरेख में गेंदबाजी के साथ बल्लेबाजी का भी कड़ा अभ्यास कर रहे हैं।
कुलदीप ने वर्ष 2023 में श्रीलंका-पाकिस्तान की संयुक्त मेजबानी में खेले गए एशिया कप में भारत की तरफ से सर्वाधिक 9 विकेट अपने नाम किए थे। पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए सुपर-4 के मुकाबले में कुलदीप ने पांच विकेट लिए थे। कुलदीप ने इसी वर्ष चैंपियंस ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन किया था। हालांकि, टीम इंडिया के पिछले इंग्लैंड टेस्ट दौरे में खेले गए पांच मैचों में उन्हें एक में भी मौका नहीं मिला। एशिया कप के पिछले रिकॉर्ड को देखते हुए कुलदीप को अंतिम एकादश में मौका मिलने की पूरी संभावनाएं हैं। टी-20 प्रारूप में खेले जाने वाले एशिया कप के लिए बीसीसीआई के मुख्य चयनकर्ता अजीत आगरकर की घोषित टीम में कुलदीप के अलावा प्रदेश से रिंकू सिंह को भी मौका मिला है। इसके अलावा विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल भी रिजर्व खिलाड़ियों में शामिल हैं। कुलदीप ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के 40 मैचों में 6.77 के औसत से गेंदबाजी करते हुए 69 विकेट चटकाए हैं।