अक्सर लोगों की शिकायत रहती है कि बैंक ने उनका लोन आवेदन खारिज कर दिया। सवाल उठता है कि आखिर लोन के आवेदन बैंकों से खारिज क्यों होते हैं। चूंकि चार और पांच अक्तूबर को लोन मेला लगना है, इसलिए उससे पहले ये समझना जरूरी है। इसके लिए हमने लोन सेक्शन देखने वाले अफसरों से बात की और इसकी बारीकी समझी।
बैंक अफसरों का कहना है कि मुद्रा जैसे लोन में यह शिकायत ज्यादा आती है। दरअसल, इस लोन में बैंक गारंटर अथवा किसी अन्य तरह की सिक्योरिटी नहीं लेते। इसमें सिर्फ दस्तावेजों की मजबूती देखी जाती है। दस्तावेजों की कमी तो आवेदन खारिज होने की एक वजह है ही, लेकिन यह भी आकलन किया जाता है कि आवेदक लोन की किस्त और उसका ब्याज चुकाने के लिए अपने व्यवसाय से इतना कमा पाएगा कि नहीं? यदि व्यवसाय नुकसान वाला अथवा कम आय देने वाला है तो भी लोन मिलना मुश्किल होता है। इसी तरह आवासीय लोन आय से ज्यादा रकम मांगने व प्रॉपर्टी के दस्तावेजों की चेन न मिलने की वजह से खारिज होता है।