छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर (सीएसजेएमयू) प्रशासन ने कॉलेजों में एडमिशन की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया है। विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में अब सीट लॉक करते ही एडमिशन पक्का हो जाएगा। इसके बाद अच्छे अंक के बावजूद छात्र अपना कॉलेज नहीं बदल सकेंगे।
अभी तक छात्र मेरिट और अपनी सुविधा के अनुसार डब्ल्यूआरएन नंबर के जरिए प्रवेश प्रक्रिया बंद होने तक कॉलेज में बदलाव कर लेते थे। इससे कई बार अंतिम समय तक प्रमुख कॉलेजों की सीटें भी खाली रह जाती थीं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने वेब रजिस्ट्रेशन नंबर प्रक्रिया के दौरान ही कॉलेज चयन का मौका दिया है।
इस प्रक्रिया में पहले छात्र यूआरएन जनरेट करेंगे। इस दौरान छात्रों को प्रवेश के लिए छह कॉलेजों का विकल्प भरना होगा। इन छह कॉलेजों के अलावा छात्र किसी भी सातवें कॉलेज में प्रवेश के लिए आवेदन नहीं कर सकता है।
इनमें से एक कॉलेज में दाखिले के बाद डब्ल्यूआरएन जनरेट होगा। अभी तक आवेदन के लिए ही डब्ल्यूआरएन जनरेट होता था। छात्र जैसे ही एक कॉलेज में प्रवेश की प्रक्रिया पूरी करेगा, उसका डब्ल्यूआरएन जनरेट हो जाएगा और सीट लॉक हो जाएगी।