कानपुर देहात। जिले में भाकियू के रेल रोको आंदोलन का असर नहीं दिखा। गुरुवार को जिले के रेलवे स्टेशनों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। डीएम व एसपी ने रेलवे स्टेशनों पर जाकर स्थिति देखी। विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल भाकियू के 29 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। सभी को शाम को छोड़ दिया गया।
अकबरपुर कस्बे के लालपुर रेलवे स्टेशन पर पुलिस सतर्क रही। वहां भाकियू कार्यकर्ता नहीं पहुंचे। पुलिस ने ऐतिहात के तौर पर अकबरपुर क्षेत्र के भाकियू कार्यकर्ता सागर पांडेय, झल्लर, जयप्रकाश, छेदीलाल, रमेशचंद्र पांडेय, पुष्पेंद्र दिवाकर को हिरासत में लेकर कोतवाली में बैठा दिया। वह पूरे दिन कोतवाली में बैठे रहे। पामा, तिलौची रेलवे स्टेशन पर पुलिस बल तैनात रहा। झींझक रेलवे स्टेशन पर चक्का जाम करने जा रहे भाकियू के छह कार्यकर्ताओं को संदलपुर पुलिस ने हिरासत में लिया। उन्हें चेतावनी देकर एक घंटे बाद छोड़ दिया गया।
रसूलाबाद पुलिस ने रब्बानी खान, रनवीर सिंह यादव, रघुवीर सिंह सिसौदिया, बीरेंद्र सिंह, बालकृष्ण, रामनरेश समेत नौ भाकियू कार्यकर्ताओं को पुलिस ने सुबह ही उनके घरों से हिरासत में ले लिया। क्षेत्र में एसडीएम अंजू वर्मा, सीओ रामशरण सिंह व प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण मिश्रा गश्त करते रहे। झींझक व कंचौसी स्टेशनों पर भारी पुलिस बल तैनात था। एसडीएम डेरापुर ऋषिकांत राजवंशी व सीओ आशापाल के साथ सक्रिय रहे। रेलवे स्टेशन पर जीआरपी चौकी प्रभारी राकेश पाल, निरीक्षक मंगलपुर धर्मेंद्र सिंह, निरीक्षक डेरापुर समीर सिंह पुलिस के साथ मौजूद रहे। डीएम डा. दिनेश चंद्र व एसपी केशव कुमार चौधरी ने पहुंचकर आवश्यक निर्देश दिए। भाकियू कार्यकर्ता स्टेशन नहीं पहुंचे।
रूरा में स्टेशन की तरफ जा रहे किसान यूनियन के मंडल अध्यक्ष रमेश सिंह यादव, घनश्याम सिंह, वंशलाल, कृपाल सिंह, यदुवेंद्र सिंह, सत्येंद्रनाथ समेत छह भाकियू कार्यकर्ताओं को सीओ संदीप सिंह ने हिरासत में लिया। उन्हें थाने भेजा गया। शिवली क्षेत्र में पुलिस भाऊपुर व मैथा स्टेशन पर सतर्क रही। भाऊपुर में भाकियू कार्यकर्ता आदित्य सिंह चंदेल को हिरासत में लिया गया। वह रेलवे पटरी की तरफ जा रहे थे। एसडीएम रामशिरोमणि, सीओ रामशरण सिंह, प्रभारी निरीक्षक प्रमोद शुक्ल ने रेलवे स्टेशनों पर नजर रखी। एसडीएम ने किसान यूनियन के तहसील अध्यक्ष रणधीर सिंह से गांव हरिकिशनपुर में जाकर ज्ञापन लिया।