कानपुर। जरीब चौकी से कल्याणपुर तक रेलवे क्रासिंगों पर जाम खत्म करने के लिए गुमटी नंबर पांच और कल्याणपुर क्रासिंगों पर वन-वे व्यवस्था लागू होगी। गुमटी में जीटी रोड से वाहन क्रासिंग पार करके बाजार की ओर जा सकेंगे लेकिन गुमटी बाजार से जीटी रोड पर नहीं चढ़ पाएंगे। इसी तरह कल्याणपुर क्रासिंग पर भी वाहन क्रासिंग पार करके बाजार जा सकेंगे लेकिन कल्याणपुर बाजार से जीटी रोड नहीं आ सकेंगे। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस ने पूरा मसौदा तैयार कर लिया है। बुधवार को ट्रैफिक पुलिस के दस्ते ने रूट का निरीक्षण किया। गुरुवार को एसएसपी की बैठक में वन-वे के प्रस्ताव पर अंतिम मुहर लगेगी। रेलवे क्रासिंगों पर लगने वाले जाम से जीटी रोड के अलावा आस-पास के सभी इलाकों में दिन भर जाम लगता है। इसे दूर करने के लिए पुलिस-प्रशासन के तमाम प्रयास बेअसर साबित हुए। ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों की मानें तो क्रासिंग पर वाहनों का लोड लगातार बढ़ रहा है जिस कारण वन-वे के अलावा कोई विकल्प नहीं है।
आटो, टेंपो पर भी चलेगा अभियान
वन-वे के अलावा जीटी रोड पर रावतपुर, कल्याणपुर, जरीब चौकी और गुमटी के आसपास आड़े तिरछे खड़े होने वाले टेंपुओं पर भी अभियान चलाकर उन्हें खदेड़ा जाएगा। कई इलाकों में जाम ये प्रमुख कारण हैं।
इंटेलीजेंट ट्रैफिक में पुराने पोल बने बाधा
अमर उजाला ब्यूरो
कानपुर। इंटेलीजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) के काम में चौराहों-तिराहों पर लगे पुराने ट्रैफिक लाइट पोल और विद्युत विभाग की लाइनें आड़े आ रही हैं। बुधवार को केडीए के चीफ इंजीनियर ने अभियंताओं संग निरीक्षण किया। उन्होंने नगर निगम को पुराने पोल हटाने और केस्को को विद्युत लाइनें व्यवस्थित करने के लिए रिमाइंडर भेजने के निर्देश दिए। आईटीएमएस के पहले चरण में माल रोड पर हैलट से नरोना तक 16 चौराहों-तिराहों पर पोल लगाने का काम पूरा हो गया है। बृहस्पतिवार को दूसरे चरण में वीआईपी रोड के नौ चौराहों पर काम शुरू होगा। कुल 25 चौराहों पर 31 जुलाई तक पोल लगाने का काम पूरा हो जाएगा।
सितंबर तक आईटीएमएम का काम पूरा करने के मंडलायुक्त मोहम्मद इफ्तिखारुद्दीन के निर्देशों को पूरा करने के लिए केडीए अधिकारी जुट गए हैं। चीफ इंजीनियर वीके गोयल ने आईटीएमएस के बेस और पोल लगाने की स्थिति परखी। निरीक्षण के बाद चीफ इंजीनियर ने बताया कि 16 चौराहों पर नए सिस्टम के पोल लग गए हैं। आगे के काम में पुराने पोल और विद्युत लाइनें परेशानी दे रही हैं। इनके हटने पर नए सिस्टम की लाइटें-कैमरे लगाने का काम शुरू होगा। चार दिनों में वीआईपी रोड पर भी पोल लग जाएंगे।
नए सिरे से बनेगा कंट्रोल रूम
पुलिस लाइंस में डॉयल 100 के पास मिले कंट्रोल रूम के कमरे को केडीए नए सिरे से बनवाएगा। इसमें आईटीएमएस के सिग्नलों के लिए रूम बनाया जाएगा।
यहां लगेंगे इतने कैमरे
नरोना चौराहा पर पांच कैमरे, फूलबाग चौराहे पर पांच , चार्लेस तिराहा पर तीन, मेघदूत तिराहे पर तीन, बड़ा चौराहे पर छह, कारसेट चौराहा पर चार, लाल इमली चौराहे पर चार, कर्नलगंज तिराहे पर तीन, बकरमंडी ढाल चौराहे पर चार, ईदगाह चौराहे पर चार, हर्ष नगर तिराहे पर तीन, बेनाझाबर तिराहे पर तीन, मोतीझील तिराहे पर तीन), मोतीझील चौराहे पर चार, पोस्टमार्टम हाउस पर तीन और हैलट गेट पर तीन कैमरे लगेंगे।
वीआईपी रोड
सरसैया घाट चौराहे पर चार, महिला थाना तिराहे पर तीन, डीएवी कालेज चौराहे पर चार कैमरे, ग्रीन पार्क चौराहे पर चार, मर्चेंट्स चेंबर तिराहे पर तीन, टैफ्को चौराहे पर चार, भैरो घाट चौराहे पर चार, रेव थ्री चौराहे पर चार और रानीघाट चौराहे पर चार कैमरे लगेंगे।