कानपुर। शहर में अवैध तरीके से हुए किडनी ट्रांसप्लांट के तार हरबंशमोहाल और कोतवाली क्षेत्र के तीन होटलों से जुड़ रहे हैं। यहां कुछ समय पहले किडनी डोनर, किडनी के रोगी और उनके परिजन रुके थे। पुलिस होटलों की जानकारी जुटा रही है। जल्द ही फरार आरोपियों की तलाश में दो टीमें दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में रवाना की जाएंगी।
केशवपुरम स्थित आहूजा हॉस्पिटल में 29 मार्च को मुजफ्फरनगर की पारुल तोमर को बेगूसराय के आयुष की किडनी लगाई गई थी। रावतपुर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर डॉ.सुरजीत सिंह आहूजा, डॉ. प्रीति आहूजा, शिवम अग्रवाल, राजेश कुमार, राम प्रकाश कुशवाहा, नरेंद्र सिंह, रोहित तिवारी, कुलदीप सिंह राघव, राजेश तोमर, परवेज सैफी को जेल भेजा। फरार चल रहे मुदस्सर अली ने कोर्ट में सरेंडर किया। पुलिस को डॉ. अफजल, डॉ. वैभव, डॉ. कैफ, डॉ. अनुराग, नवीन पांडेय, शिवम यादव समेत एक अन्य की तलाश जारी है। पुलिस को डॉ. अफजल के साथ पारुल तोमर, आयुष के कल्याणपुर के होटल में रुकने की जानकारी हुई थी।
वहां से रजिस्टर और सीसीटीवी कैमरे की फुटेज हासिल की गई थी। पुलिस को जानकारी मिली थी कि साउथ अफ्रीका की अरेबिका और अन्य किडनी मरीज कल्याणपुर, रावतपुर, काकादेव आदि क्षेत्र के होटल में रुके हुए थे। अलग अलग कई टीमें जांच में जुटी हैं। पुलिस को कुछ किडनी ट्रांसप्लांट कराने वाले और किडनी रोगियों के हरबंशमोहाल और कोतवाली क्षेत्र के तीन होटलों में रुकने का पता चला है। यहां की पड़ताल शुरू हो गई है। रावतपुर एसओ कमलेश राय ने बताया कि टीमें जांच कर रही हैं। आरोपी ज्यादातर एरोप्लेन से शहर आया करते थे। कई बार वाया लखनऊ भी आए हैं। कुछ के हरबंशमोहाल और कोतवाली क्षेत्र के होटल में रुकने की जानकारी हुई है।
-
जल्द ही टीमें जाएंगी एनसीआर
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक फरार चल रहे डॉ. अफजल, डॉ. वैभव, डॉ. कैफ, डॉ. अनुराग, नवीन पांडेय, शिवम यादव की तलाश में जल्द ही टीमें एनसीआर क्षेत्र में जाएंगी। दो टीमें अलग अलग समूह बनाकर दबिश देंगी। इस बार एनसीआर की पुलिस का भी सहयोग लिया जाएगा।