कानपुर। शहर में किडनी और लिवर प्रत्यारोपण किया जाएगा। इसकी प्रक्रिया शुरू हो गई है। डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने बताया कि प्रदेश में अंग प्रत्यारोपण को लेकर काम शुरू हो गया। किडनी, लिवर, फेफड़ों आदि के प्रत्यारोपण की व्यवस्था बनाई जा रही है। इस संबंध में केंद्र सरकार से बात चल रही है।
रविवार को आर्यनगर स्थित द स्पोर्ट्स हब (टीएसएच) में आयोजित अमर उजाला आभार समर्पण कार्यक्रम में आए डिप्टी सीएम पाठक ने एक सवाल के जवाब में बताया कि किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी लखनऊ को अंग प्रत्यारोपण के लिए नोडल सेंटर बना दिया गया है। अंगों के प्रत्यारोपण की निगरानी यूनिवर्सिटी करेगी। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज प्राथमिकता पर रहेगा।
उन्होंने बताया कि प्रदेश स्तर पर चिकित्सीय सुविधाओं को उच्चीकृत किया जा रहा है। इससे रोगियों को राहत मिलेगी। उन्हें प्रदेश के बाहर नहीं जाना पड़ेगा। इस संबंध में जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय काला ने बताया कि हैलट के मल्टी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में किडनी ट्रांसप्लांट यूनिट को लेकर तैयारी हो गई है। डीजीएमई की टीम ने यूनिट का निरीक्षण भी कर लिया है। अनुमति मिलने के बाद गुर्दा प्रत्यारोपण होने लगेगा। साथ ही लिवर ट्रांसप्लांट को लेकर भी योजना बनाई जा रही है। ट्रांसप्लांट यूनिट के संबंध में विशेषज्ञ कॉलेज के पास उपलब्ध हैं। उपकरणों और कुछ इन्फ्रास्ट्रक्चर की जरूरत पड़ेगी।