इटावा जिले के बसरेहर में 20 दिन पहले सरकारी आवास दिलाने के बहाने रिश्तेदार द्वारा अगवा करके ले जाई गई महिला का सिर मैनपुरी में मिला है, यह दावा महिला के देवर ने दांतों से पहचान करके किया है।
हालांकि पुलिस ने डीएनए टेेस्ट से ही असली पहचान होने की बात कही है। तलाश करने पर धड़ का पता नही चला है। पुलिस को लापता महिला के देवर मिथलेश कुमार ने बताया कि चौबिया थाना क्षेत्र के टोडरपुर गांव के उसके भाई दिलासाराम की छह वर्ष पहले सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी।
तब से उनकी पत्नी पूती (35) अपने दो बच्चों के साथ भरथना के कृष्णानगर में किराए पर रह रही थी। पूती को दूर का रिश्तेदार सर्वेश कुमार यादव पुत्र राम सनेही निवासी बरुआ थाना किशनी जिला मैनपुरी सरकारी आवास दिलाने के बहाने 20 सितंबर को शाम पांच बजे बाइक से अपने साथियों संग ले गया था।
इसकी सूचना उसी दिन भरथना पुलिस को दी गई थी। उसके मुताबिक शुक्रवार की शाम किशनी थाना क्षेत्र के ग्राम बरुआ नद्दी में सिर मिलने की जानकारी पर पहुंचा और सिर की पहचान उसने अपनी लापता भाभी पूती के सिर के रूप में करते हुए यूपी 112 को सूचना दी।
उधर, किशनी थाना प्रभारी अजीत सिंह ने सिर को कब्जे में ले लिया और धड़ की भी आसपास तलाश की, लेकिन कहीं नहीं मिला। थानाध्यक्ष ने बताया कि नरमुंड महिला या पुरुष का होने का दावा नहीं किया जा सकता, डीएनए टेस्ट के बाद ही पहचान स्पष्ट होगी। मामले में आरोपी सर्वेश यादव की तलाश की जा रही है।