राजपुर। मिशन शक्ति के तहत बृहस्पतिवार को प्राथमिक विद्यालय जवाहर नगर सिकंदरा की कक्षा पांच की छात्रा खुशी को एक दिन के लिए राजपुर का बीईओ बनाया गया। ब्लॉक संसाधन केंद्र कार्यालय पर छात्रा ने शिक्षकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित को निस्तारण के निर्देश दिए।
खुशी ने विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शिक्षकों की समयबद्ध उपस्थिति और छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया। संविलियन विद्यालय खोजाफूल की शिक्षक कंचन शुक्ला ने समस्या बताई कि विद्यालय में मिशन शक्ति कार्यक्रम के आयोजन में प्रधानाध्यापिका अखिलेश कुमारी की ओर से सहयोग नहीं किया जा रहा है। इस पर खुशी ने उनसे लिखित प्रार्थना पत्र देने को कहा। आश्वासन दिया कि मामले की जांच कराई जाएगी। इसके बाद प्राथमिक विद्यालय जवाहर नगर सिकंदरा की शिक्षक जेवा अतीक ने चयन वेतनमान नहीं लगने की समस्या बताई। इस पर खुशी ने संबंधित पटल के कर्मचारियों को बुलाकर शिकायत दर्ज करने और प्रार्थना पत्र के आधार पर चयन वेतनमान की प्रक्रिया पूरी कराने को कहा।
इस दौरान ब्लॉक क्षेत्र के विद्यालयों में पंजीकृत विद्यार्थियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी गई धनराशि की जानकारी भी ली। शिक्षक अजीत कटियार ने बताया कि ब्लॉक क्षेत्र में करीब नौ हजार छात्र पंजीकृत हैं। इनमें से लगभग 8500 विद्यार्थियों के खातों में धनराशि भेजी जा चुकी है, जबकि शेष 500 विद्यार्थियों के खातों में एक सप्ताह के भीतर धनराशि भेजने का लक्ष्य है। खुशी ने अपने दायित्वों का निर्वहन करने और विद्यालयों में समय से पहुंचकर बच्चों को नियमित रूप से पढ़ाने को कहा।
साथ ही खेल-कूद सहित अन्य गतिविधियों को भी बढ़ावा दें, ताकि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास हो सके। इससे पहले खंड शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार ने एक दिन की खंड शिक्षा अधिकारी बनी खुशी को बुके देकर स्वागत किया। उन्होंने बताया कि मिशन शक्ति के छात्रा को एक दिन के लिए प्रशासनिक जिम्मेदारी सौंपने का उद्देश्य बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना है।