गोविंद नगर खोया मंडी में खोया जांचती एफडीए टीम।
- फोटो : amar ujala
होली के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने गोविंद नगर खोया मंडी में छापा मारा तो व्यापारी अपना खोया छोड़कर भाग खड़े हुए। इससे स्पष्ट हो गया कि यह खोया मिलावटी और सेहत के लिए खतरनाक है। छह टीमों ने 12 खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे हैं। इन्हें जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। गोविंदनगर गांधी स्मारक स्कूल के सामने स्थित खोया मंडी में खाद्य विभाग की टीम के छापे से हड़कंप मच गया। टीम को देख व्यापारी खोया छोड़कर भाग गए।
फूड इंस्पेक्टर दिनेश कुमार ने एक व्यापारी को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन वह उन्हें धक्का देकर भाग निकला। फूड इंस्पेक्टर सलिल कुमार ने बताया कि मौके से करीब दो कुंतल खोया बरामद किया गया है। इसे थाने पहुंचा दिया गया है। यदि किसी ने खोया पर दावा किया तो उसका सैंपल भेजा जाएगा वरना नष्ट करा दिया जाएगा। अन्य टीमों ने आशा प्रोवीजन स्टोर विजय नगर से पापड़, आस्था ड्राई फ्रूट्स एंड दाल स्टोर विजय नगर से चने की दाल, चिरौंजी, बाबू मसाले एंड ड्राई फ्रूट्स शॉपिंग काम्पलेक्स गंदा नाला से पापड़ का सैंपल भरा।
भदौरिया भोजनालय एंड स्वीट भंडार रेलबाजार से मिल्क केक, लक्ष्मी स्वीट्स रेल बाजार कैंट से बर्फी, पांडव स्वीट्स जगईपुरवा से खोये का सैंपल भरा गया। मोहित स्वीट हाउस बिल्हौर से बर्फी, प्रेम स्वीट हाउस बिल्हौर से बर्फी, त्रिकाल ट्रेडर्स बिल्हौर से सरसों का तेल, इमरती और चौधरी स्वीट हाउस बिल्हौर से काला जाम का सैंपल लिया गया।
खुद कर सकते हैं जांच
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र सिंह कुशवाहा के मुताबिक खोया की जांच लोग घर पर ही कर सकते हैं। खोया का थोड़ा सा भाग गरम पानी में घोल दें। असली होने पर वह दूध की तरह दिखेगा। रगड़ने पर घी जैसी खुशबू आ रही है तो खोया में मिलावट नहीं है। इसके अलावा खोये के सैंपल को पानी के साथ गरम करके छान लें। इसके बाद एचसीएल की कुछ बूंदे मिलाएं। अगर रंग बदल जाए तो समझ जाएं कि खोया में मिलावट है।