बकेवर। क्षेत्र के गांव ईकरी में बजरंग क्रिकेट क्लब की ओर में चल रहे टूर्नामेंट में मंगलवार को दो मैच खेले गए। इसमें पहले मैच में कंधेसी ने लखना की टीम को हराया। वहीं, दूसरे मैच में धौरखा की टीम ने असदपुर को पराजित किया।
टूर्नामेंट में पहला मैच नहर पुल लखना व कंधेसी की टीम के बीच खेला गया। इसमें लखना के कप्तान प्रिंस ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। निर्धारित 15 ओवरों में सात विकेट पर 175 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। लखना टीम की ओर से ओपनिंग करने आए इशू ने 13 व लालू ने 33 रन बनाए। जवाब में उतरी कंधेसी की टीम की ओर से बल्लेबाजी करने आए आशीष चार रन और पंकज 12 रन बनाकर कुछ खास नहीं कर सके।
तीसरे खिलाड़ी के रूप में आए करन ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए मात्र 14 गेंदों पर अर्धशतक लगाकर मैच में टीम की वापसी कराई। करन ने 75 रनों की पारी खेली और अपनी टीम को 13 ओवर में 177 रन बनाकर जीत दिला दी। मैन ऑफ द मैच करन चुने गए। वहीं, इसी टूर्नामेंट में हुए दूसरे मैच में असदपुर की टीम ने टॉस जीत कर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया।
धोरखा की टीम ने 15 ओवर में दो विकेट पर 167 रन बनाए। जवाब में उतरी असदपुर की टीम कुछ खास नहीं कर पाई। लगातार विकेट गिरने से टीम निर्धारित 15 ओवर में चार विकेट खोकर 141 रन बना सकी और 28 रन से मैच हार गई। धोरखा टीम के रोहित को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार गांव के वरिष्ठ नागरिक कृपा शंकर शुक्ला ने प्रदान किया। अंपायरिंग अवनीश त्रिपाठी एवं हरिओम त्रिपाठी ने की।