खड़कपुर गांव में भरा पानी। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
रसूलाबाद। दो दिन लगातार हुई बारिश में पांडु नदी का पानी खड़कपुर गांव पहुंच गया। गांव के लोग जलभराव से परेशान हैं। पानी घरों में घुस रहा है। प्रधान ने इसकी सूचना एसडीएम को दी है।
खेड़ाकुर्सी गांव की प्रधान पावनी मिश्रा ने बताया कि तिश्ती क्षेत्र के दो नाले गांव के आसपास से निकले हैं। नालों से तीन सौ मीटर दूर पांडु नदी है। बारिश से पांडु नदी में जल स्तर बढ़ गया। इससे नाले से होकर पानी खड़कपुर बस्ती तक पहुंच गया। गांव पूरी तरह से टापू बना है।
किसान आलोक, रामअवतार कुरील, श्यामल दास, राम सिंह यादव, दयाराम पाल, योगेंद्र सिंह, बड़े सिंह, चुन्नू, रघुवीर सिंह, रामस्वरूप चौहान समेत कई किसानों की खेतों में कटी पड़ी धान की फसल पानी में बह गई। इससे किसानों का भारी नुकसान हुआ है।
गलियों में पानी भरा होने से आवागमन में परेशानी हो रही है। पानी का स्तर बढ़ता जा रहा है। इसकी जानकारी पर एसडीएम अंजू वर्मा ने लेखपाल को गांव भेजकर रिपोर्ट तलब की। एसडीएम ने बताया कि ग्रामीणों की हरसंभव मदद की जाएगी।