मीरपुर में बिजली चोरी पकड़ने गई केस्को टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। टीम से मारपीट की गई और चेकिंग रिपोर्ट भी फाड़ के फेंक दी। बाद में पुलिस फोर्स बुलाने पर टीम आगे चेकिंग कर सकी।
जेई बीपी साहू ने रेलबाजार थाने में सरकारी काम में बाधा डालने और टीम से मारपीट करने की रिपोर्ट अब्दुल खलील और उनके साथियों पर दर्ज कराई।
बुधवार को हेरिसगंज डिवीजन के एसडीओ पल्लव मुखर्जी, अनिल दुबे, जेई नफीस खान और बीपी साहू, चौकी इंचार्ज फोर्स के साथ मीरपुर पकड़िया पहुंचे।
यहां पर एक बिल्डिंग में 26 कमरे हैं और मीटर एक ही है। टीम ने नीचे लगा मीटर चेक किया तो इसमें प्रतिमाह 50-60 यूनिट ही खपत आ रही थी।
यह देख इंजीनियर जांच के लिए ऊपर जाने लगे तो अब्दुल खलील ने चार-पांच लोगों के साथ टीम पर हमला बोल दिया। वीडियो कैमरा छीनने का किया प्रयास और इसे बंद करा दिया।
इस दौरान चौकी प्रभारी और पुलिस ने कुछ भी नहीं कहा तो टीम से मारपीट शुरू हो गई। थोड़ी ही देर में मौके पर दो सौ लोग इकट्ठा हो गए।
इस पर एसडीओ पल्लव मुखर्जी ने केस्को एमडी सेल्वा कुमारी को सूचना दी। इसके बाद एसीएम 2 काफी फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे तब टीम बिल्डिंग के ऊपर चढ़ी।
इस बिल्डिंग में पीछे की तरफ से तीन मोटी केबिलों से बिजली चोरी की जा रही थी।