यूपी के कानपुर शहर में व्हाट्सऐप हैकर गैंग सक्रिय हो गया है। यह गैंग लोगों का व्हाट्सऐप हैक कर गलत मैसेज और अश्लील वीडियो भेज रहा है। हैकर्स से बचने के लिए सतर्क रहने की जरूरत है।
शुक्रवार को एक अधिवक्ता व एक बुजुर्ग ने एसएसपी अखिलेश कुमार से इसकी शिकायत की। पुलिस ने साइबर सेल को मामले की जांच सौंपी है।
कर्नलगंज, बजरिया निवासी अधिवक्ता आनंद प्रकाश गौतम ने एसएसपी को बताया कि नौ अगस्त को उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद को बीएसएनएल का कर्मचारी बताते हुए कहा कि आपका मोबाइल नंबर बंद होने वाला है।
डेमो पिक
अगर इस नंबर की सर्विस चालू रखनी है, तो आपके मोबाइल पर एक मैसेज आएगा। उसका छह डिजिट का नंबर हमें बता देना, ताकि फोन की सर्विस को बनाए रखा जा सके। ऐसा न करने पर सिम की सर्विस बंद हो जाएगी। बकौल आनंद थोड़ी देर उनके मोबाइल पर मैसेज आ गया। इसके बाद उन्होंने फोन करने वाले को मैसेज में आया छह डिजिट का नंबर बता दिया।
थोड़ी देर बाद उनके परिचितों के मोबाइल पर उनके नंबर से कौन बनेगा करोड़पति का मैसेज व्हाट्सऐप पर पहुंचने लगा। मैसेज मेें लिखा था कि आपका 10 लाख का इनाम निकला है, आप इतनी रकम सिक्योरटी के रूप में जमा करेंगे तो इनामी राशि आपको दे दी जाएगी।
डेमो पिक
परिचितों ने उन्हें मैसेज के बारे में जानकारी दी। जब उन्होंने खुद का व्हाट्सऐप देखा तो उसमें केबीसी की डीपी लगी थी। इसमें केबीसी में गेम खिलाने वाला फोटो भी लगा था। तमाम प्रयास के बाद भी डीपी से केबीसी का लोगो नहीं हटा। न ही व्हाट्सऐप ही काम कर रहा था। इसी तरह एक वृद्ध ने भी एसएसपी ने व्हाट्सऐप हैक करने की शिकायत की।
उन्होंने बताया कि शातिर ने उनके मोबाइल का व्हाट्सऐप हैक कर लिया। इसके बाद से व्हाट्सऐप पर उनकी पौत्री के बारे में अश्लील मैसेज और उसका अश्लील वीडियो अपलोड कर दिया गया। एसएसपी ने दोनों मामलों की जांच साइबर सेल को सौंपी है।