कानपुर। डबल पुलिया के पास पार्क का कब्जा लेने को लेकर बृहस्पतिवार को केडीए और नगर निगम आमने-सामने आ गए। केडीए की टीम बैरिकेडिंग कराने गई थी लेकिन वापस होना पड़ा। केडीए पार्क की दो हजार वर्ग मीटर जमीन अपनी बता रहा है।
विज्ञापन
वार्ड- 64, सर्वोदयनगर के पार्षद नीरज बाजपेई ने बताया किया बृहस्पतिवार को सूचना मिली कि कुछ लोग डबल पुलिया, काकादेव स्थित एक पार्क में बैरिकेडिंग लगा रहे हैं। इस पर पूछताछ करने पर पता चला कि केडीए की टीम है। केडीए अधिकारियों ने बताया कि पार्क की दो हजार वर्ग मीटर भूमि उनके कागजों में स्कूल के नाम पर दर्ज है। वह कब्जा लेने आए थे। इस पर पार्षद ने काम रुकवा दिया और नगर निगम के उद्यान विभाग को जानकारी दी। उद्यान विभाग के पर्यावरण अभियंता दिवाकर भास्कर ने बताया कि केडीए अधिकारियों से कहा गया है कि पहले पार्क को हैंडओवर करते समय के कागज और लेआउट दें जिससे पता चल सके कि उस वक्त स्कूल वाली जगह स्थानांतरित की थी कि नहीं, उसके बाद ही इस पर निर्णय लिया जाएगा।