कमला क्लब में खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करतीं बीसीसीआई की महिला चयन समिति की अध्यक्ष।
- फोटो : केसीए
कानपुर। कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन की तृतीय डाॅ. गौर हरि सिंहानिया स्मारक राज्यस्तरीय महिला क्रिकेट प्रतियोगिता सोमवार को कमला क्लब में शुरू हुई। पहले मैच में केसीए रेड ने इलाहाबाद क्रिकेट एसोसिएशन की टीम को पांच विकेट से हराया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ बीसीसीआई की महिला चयन समिति की अध्यक्ष नीतू डेविड ने किया। टॉस जीतकर इलाहाबाद की टीम ने कात्यानी पाठक के 67 और शिवानी मौर्या के 40 रनों की मदद से 35 ओवर में नौ विकेट पर 179 रन बनाए।
कानपुर रेड से एकता सिंह ने 32 रन देकर चार तथा अर्चना देवी ने 26 रन देकर तीन विकेट लिए। वहीं, कानपुर रेड की टीम ने शिबू सिंह पाल के नाबाद 84, तृप्ति सिंह के 29 और गरिमा यादव के 27 रनों के दम पर 31.4 ओवर में पांच विकेट पर 181 रन बनाकर मैच जीता।
इलाहाबाद टीम की राधा पांडेय ने 40 रन देकर चार विकेट हासिल किए। इस मौके पर केसीए अध्यक्ष एसएन सिंह, सचिव कौशल कुमार सिंह, उपाध्यक्ष संजय तिवारी, रीता डे, पीएस नेगी, सौरभ गुप्ता, सीमा सिन्हा, आयुष अग्रवाल, दिनेश कटियार आदि मौजूद रहे।