मेघनपुरवा कटरी में शनिवार को प्रशासन बाबा का अवैध कब्जा हटाया।
- फोटो : amarujala
कानपुर। अमर उजाला की मुहिम के बाद मेघनपुरवा कटरी में एक बाबा का अवैध कब्जा ढहा दिया गया। बचा हुआ बाकी अवैध कब्जा रविवार या सोमवार को गिराया जाएगा। अवैध कब्जा कर बनवाए जा रहे इस ‘जवाहर बाग’ को बचाने के लिए एसडीएम सदर डीडी वर्मा के पास दिल्ली-लखनऊ तक से फोन आए। कोहना और नवाबगंज पुलिस जिस बाबा के बारे में अनभिज्ञता जता रही थी वही बाबा खुलेआम अफसरों के सामने आ गया और अवैध कब्जा ढहाने के दौरान शंख बजाता रहा।
पुलिस की मिलीभगत से कटरी में तथाकथित बाबा पांडव शक्ति संस्था बनाकर सरकारी जमीन पर कब्जा जमा रहा था। एक बीघा सरकारी जमीन कब्जा कर निर्माण कार्य करा रहा था। अमर उजाला ने बाबा के कारनामे की पोल खोली थी। शनिवार को एसडीएम सदर डीडी वर्मा, तहसीलदार अनिल कुमार, सीओ कर्नलगंज, एसओ नवाबगंज, एसओ कोहना पुलिस और पीएसी के साथ मेघनपुरवा पहुंचे और जेसीबी से अवैध कब्जा ढहाना शुरू किया तो तथाकथित बाबा सुशील दास (मोहनपुरवा पुराना कानपुर) कुछ लोगों के साथ मौके पर पहुंचकर शंख बजाने लगा। उसके साथ आए लोग कब्जा ढहाने का विरोध करने लगे। अफसरों ने इसकी अनदेखी कर काम जारी रखा।
एसडीएम सदर ने बताया कि सुशील दास ने पांडव शक्ति संस्था बनाकर अवैध कब्जा करना शुरू किया था। इसमें पुलिस लाइन में रहने वाला राकेश कुमार भी शामिल है। उसका पता कराया जा रहा है। संस्था में माखी उन्नाव का हरिओम पांडेय, आजाद नगर का रमाकांत, हंसपुर नौबस्ता का राधेश्याम दीक्षित, पुराना कानपुर का संतोष कुमार, मछुआनगर का पप्पू वर्मा भी शामिल है। जिलाधिकारी से बात कर इन सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।