फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur News: मेरठ मेवारिक्स को हराकर काशी रुद्रास प्लेऑफ में पहुंची

विज्ञापन
विज्ञापन
कानपुर। कप्तान करन शर्मा (57) व उपेंद्र यादव (57) की शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन से काशी रुद्रास ने यूपी टी-20 के अपने आखिरी लीग मुकाबले में शीर्ष पर चल रही मेरठ मेवारिक्स को 56 रन से हराकर प्लेऑफ में जगह बनाई है। काशी रुद्रास ने 20 ओवर में चार विकेट पर 175 रन बनाए। जवाब में मेरठ की पूरी टीम 19.2 ओवर में 119 रन पर सिमट गई।
विज्ञापन

ग्रीनपार्क स्टेडियम में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी काशी रुद्रास को विराट जायसवाल और कप्तान करन शर्मा ने मजबूत शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 72 रन जोड़े। इस साझेदारी को यश गर्ग ने विराट जायसवाल (33) को अक्षय के हाथों कैच कराकर तोड़ा। इसके बाद सक्षम राय पांच रन बनाकर आरुष गोयल का शिकार बने। कप्तान करन शर्मा ने एक छोर संभाले रखा और अर्द्धशतक पूरा किया। करन और उपेंद्र ने पारी को आगे बढ़ाते हुए टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया। 105 रन के योग पर विशाल चौधरी ने करन शर्मा (57) को विकेटकीपर अक्षय के हाथों कैच कराकर काशी को तीसरा झटका दिया। इसके बाद उपेंद्र यादव ने शुभम चौधरी के साथ मिलकर रन गति बढ़ाई। उपेंद्र ने पारी के अंतिम ओवर में लगातार तीन छक्के जड़कर अपना अर्द्धशतक पूरा किया। अगली गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में 57 रन बनाकर कुनाल यादव की गेंद पर दिव्यांश के हाथों कैच आउट हुए। शुभम चौधरी 15 रन बनाकर नाबाद रहे। मेरठ की ओर से विशाल चौधरी, कुनाल यादव, यश गर्ग और आरुष गोयल को एक-एक विकेट मिला।
176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेरठ मेवारिक्स की शुरुआत बेहद खराब रही। कार्तिक यादव ने स्वास्तिक चिकारा को खाता खोले बिना रिषभ राजपूत के हाथों कैच कराकर पहला झटका दिया। नौ रन के स्कोर पर अक्षय दुबे (2) भी कार्तिक का शिकार बने। रितुराज शर्मा एक रन बनाकर रन आउट हुए, जबकि कप्तान दिव्यांश जोशी (20) को अटल बिहारी राय ने उपेंद्र के हाथों कैच कराया।
विज्ञापन

संदीप तोमर (29) और दिव्यांश राजपूत ने पारी संभालने का प्रयास किया, लेकिन 70 रन के स्कोर पर कार्तिक यादव ने संदीप को पवेलियन भेज दिया। दिव्यांश राजपूत ने 39 रन बनाकर टीम को 100 रन के करीब पहुंचाया, लेकिन 106 के स्कोर पर वह हिट विकेट हो गए। अगली ही गेंद पर रिषभ राजपूत ने यश गर्ग को आउट कर मेरठ की कमर तोड़ दी। इसके बाद काशी के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट चटकाते हुए मेरठ की पारी 119 रन पर समेट दी। रिषभ राजपूत और कार्तिक यादव ने तीन-तीन, अटल बिहारी राय ने दो, विजय व संगम सिंह ने एक-एक विकेट हासिल किया। आरुष गोयल खाता खोले बिना नाबाद रहे। कार्तिक यादव को मैन ऑफ द मैच चुना गया। क्वालिफायर-एक में मेरठ बनाम लखनऊ और एलिमिनेटर में काशी बनाम नोएडा का मुकाबला होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें