कानपुर। ग्रीनपार्क स्टेडियम में चल रहे काशी रुद्रास टीम के चार दिवसीय कैंप के तहत सोमवार को खिलाड़ियों ने जमकर अभ्यास किया। यूपी टी-20 क्रिकेट लीग के तीसरे सत्र में खिताब जीतने के लिए टीम दो दिवसीय अभ्यास मैच भी ग्रीनपार्क स्टेडियम में खेलेगी। पहला मैच मंगलवार को काशी रुद्रास बनाम मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग की टीम ग्वालियर चीता के बीच खेला जाएगा।
काशी रुद्रास टीम के कोच ध्रुव सिंह की देखरेख में खिलाड़ियों ने दोपहर के सत्र में बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण का कड़ा अभ्यास किया। टीम के खिलाड़ी करन शर्मा, यशोवर्धन सिंह, उपेंद्र यादव, शुभम चौबे, अभिषेक गोस्वामी ने लंबे-लंबे शॉर्ट लगाकर अपने इरादे जाहिर किए।
गेंदबाजी कोच उबैद कमाल ने खिलाड़ियों को सही लाइन व लेंथ से गेंदबाजी करने के कई टिप्स दिए। अब काशी रुद्रास टीम हर हाल में आज अभ्यास मैच में जीत दर्ज करने के लिए उतरेगी।
वहीं, 17 अगस्त से लखनऊ के इकाना स्टेडियम में होने वाली यूपी टी-20 क्रिकेट लीग के लिए काशी रुद्रास की प्लेइंग इलेवन में अपना स्थान पक्का करने के लिए हर खिलाड़ी अपना पूरा दमखम दिखाएगा। इसमें करन शर्मा, अटल बिहारी वाजपेयी, रिषभ राजपूत, यशोवर्धन सिंह, उपेंद्र यादव, शिवम मावी टीम में अपना स्थान पक्का करने का पूरा प्रयास करेंगे।