कानपुर में बाराबंकी नवीन फल मंडी में दुकान आवंटित होने का फर्जी पत्र थमा जालसाजों ने कर्नाटक बैंक के एक कर्मी से 11 लाख रुपये ठग लिए। कब्जा लेने पहुंचे तो उन्हें धोखाधड़ी का पता चला। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज मामले की जांच शुरू कर दी है।
आवास विकास तीन नंबर निवासी गणेंद्र कुमार शर्मा माल स्थित कर्नाटक बैंक में क्लर्क पद पर कार्यरत हैं। शर्मा के मुताबिक कुछ वर्ष पहले उनकी जान पहचान मकड़ीखेड़ा निवासी नवीन सिंह से हुई थी। नवीन व उसकी पत्नी भारती सिंह ने नवीन फल एवं सब्जी मंडी बाराबंकी में चार दुकानें आवंटित कराने के नाम पर उनसे 11 लाख रुपये ले लिए।
नौकरी लगवाने के नाम पर लाखों रुपये हड़पे
साथ ही, फर्जी आवंटन लेटर थमा दिया। जब वह लेटर लेकर दुकान पर कब्जा लेने मंडी समिति पहुंचे तो उन्हें अपने साथ हुई ठगी का पता चला। बताया कि नवीन ने तथाकथित मंगेतर दिशा सेंगर के साथ कैनाल रोड निवासी कीर्ति गुप्ता से भी नौकरी लगवाने के नाम पर लाखों रुपये हड़पे हैं। कल्याणपुर थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज आरोपी की तलाश की जा रही है।