ई-ऑफिस में लापरवाही पर वेतन रोकने का आदेश
माई सिटी रिपोर्टर
कानपुर। एक करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली निर्माण परियोजनाओं में सुस्ती और लापरवाही पर जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह नाराज हुए। सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि समयसीमा पार कर चुकी परियोजनाओं को युद्ध स्तर पर पूरा कराया जाए, अन्यथा संबंधितों पर कड़ी कार्रवाई तय है। वंही बैठक से गायब रहने पर दो अधिकारियों को नोटिस जारी की।
समीक्षा में पाया कि जनपद में कुल 467 निर्माण परियोजनाएं संचालित हैं, जिनमें 364 जल जीवन मिशन से जुड़ी हैं, जबकि 103 अन्य विभागों की हैं। इनमें से 15 परियोजनाएं तय समय सीमा समाप्त होने के बावजूद अधूरी पाई गईं। जिलाधिकारी ने विभागीय समन्वय के साथ सभी योजनाओं को समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। कार्यदाई संस्थाओं को चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण स्थलों के आसपास आमजन की सुरक्षा भी जरुरी है। यदि किसी भी निर्माण स्थल पर लापरवाही के चलते दुर्घटना होती है, तो संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने जिला स्तरीय टास्क फोर्स एवं तकनीकी अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की नियमित संयुक्त जांच कर समय से रिपोर्ट प्रस्तुत करें। वंही बैठक से जल निगम नगरीय यूनिट-1 की अधिशासी अभियंता तूलिका प्रसाद के बैठक में अनुपस्थित रहने पर उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। जल निगम नगरीय यूनिट-2 के अधिशासी अभियंता प्रवीण को अनुपस्थित रहने पर शो-कॉज नोटिस जारी करने का आदेश दिया गया। वंही जिले की सबसे धीमी प्रगति वाली परियोजनाओं की सूची तैयार कर उनकी नियमित समीक्षा करने के निर्देश मुख्य विकास अधिकारी को दिए।
ई-ऑफिस में लापरवाही पर वेतन रोकने का आदेश
ई-ऑफिस संचालन की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने 10 कार्यालयों के गो-लाइव न होने पर अधिकारियों का जनवरी माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए। इनमें चौबेपुर, कल्यानपुर, बिल्हौर, शिवराजपुर, ककवन, घाटमपुर और पतारा के खंड विकास अधिकारी कार्यालय, विद्युत दक्षिणांचल के अधिशासी अभियंता, सहायक निदेशक हथकरघा और जिला कीट अधिकारी शामिल हैं। यह भी सामने आया कि पिछले तीन महीनों से लगभग 300 कार्मिकों ने ई-ऑफिस पर लॉगिन ही नहीं किया है। इस पर जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए कि यदि 26 जनवरी तक ई-ऑफिस लॉगिन नहीं किया गया, तो संबंधित कर्मियों का जनवरी माह का वेतन आहरित नहीं किया जाएगा।