सेना के अलावा अन्य सुरक्षा बलों के लिए अलग-अलग उत्पाद तैयार करने वाली लघु शस्त्र निर्माणी (एसएएफ) कानपुर, नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (एनएसजी) कमांडो के लिए देश की पहली क्लोज क्वार्टर बैटल(सीक्यूबी) कारबाइन तैयार करने जा रही है। डीआरडीओ के सहयोग से बनने वाली इस कारबाइन के प्रोटोटाइप पर काम शुरू कर दिया गया है। साल के अंत तक इस कारबाइन के तैयार होने की संभावना जताई गई है।
अभी इस तरह की कारबाइन को जर्मनी समेत अन्य देशों की कंपनियों से आयात किया जाता है। खास मिशन को ध्यान में रखकर इस प्रकार की कारबाइन को तैयार किया जा रहा है। 200 मीटर तक मार करने में सक्षम इस कारबाइन की विशेषता यह होगी कि किसी भी पास या दूर के टारगेट (दुश्मन) को सटीकता के साथ खत्म कर सकेगी ताकि किसी अन्य को जानमाल का खतरा न हो।
निर्माणी के सूत्रों ने बताया कि इसके प्रोटोटाइप को तैयार करने का काम शुरू कर दिया गया है। डिजाइन और तकनीक में डीआरडीओ के वैज्ञानिक मदद कर रहे हैं। प्रोटोटाइप तैयार होने के बाद इसका निर्माण शुरू कर परीक्षण किया जाएगा। बताया गया कि जर्मनी की एमपी फाइव कारबाइन का इस्तेमाल मौजूदा समय में एनएसजी कमांडो करते हैं।