कानपुर एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) की शिकायतों के निस्तारण में कानपुर जोन ने एक बार फिर पहला स्थान हासिल किया है। वहीं, कानपुर कमिश्नरेट पुलिस को पहली बार पहला स्थान मिला है। मंगलवार को शासन की ओर से जारी की गई रैंकिंग में कानपुर पुलिस 73वीं रैंक से पहले स्थान पर पहुंच गई। दिसंबर माह की रैंकिंग में जोन 73वें व नवंबर माह में 50वें पायदान पर रहा था।
रैंकिंग में कमिश्नरेट के 52 थानों ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। बिधनू थाना शिकायतों के निस्तारण में फिसड्डी रहा। कानपुर जोन के कानपुर देहात, इटावा, औरेया, फतेहगढ़, कन्नौज, झांसी, जालौन व ललितपुर को प्रदेश स्तर पर प्रथम रैंक प्राप्त हुई है। जोन के कुल 139 थानों में से 133 थानों को पहली रैंक मिली है। वहीं, कमिश्नरेट के 53 में से 52 थानों ने प्रथम स्थान हासिल किया हैं।