कानपुर जिले के सचेंडी थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पड़ोसी द्वारा घर के सामने जबरन जानवर बांधने के लिए खूंटा गाड़ने का विरोध करना एक युवक को बेहद महंगा पड़ गया। शिकायत से बौखलाए आरोपी पड़ोसी के दबंग रिश्तेदारों ने सरेराह एक ऑटो को रुकवाया और उसमें सवार युवक को घसीट कर बाहर निकाल लिया।
होटल से सैलरी लेकर घर लौट रहा था पीड़ित युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सचेंडी इलाके के बिनौर गांव निवासी अनमोल सिंह एक होटल में काम करके अपने परिवार का गुजारा करता है। पीड़ित अनमोल ने बताया कि रविवार की शाम करीब 7 बजे वह होटल में काम खत्म करने के बाद अपनी महीने की सैलरी के 10 हजार रुपये लेकर वापस अपने घर लौट रहा था।
शिकायत दर्ज कराने से नाराज थे पड़ोसी के रिश्तेदार
पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने उसे पीटते हुए चिल्लाकर कहा कि उसने उनके मौसा रामप्रताप सिंह और मुनन्द के खिलाफ पुलिस में खूंटा गाड़ने की शिकायत क्यों दर्ज कराई है। दरअसल, कुछ दिन पूर्व ही पड़ोसी द्वारा घर के सामने अवैध रूप से खूंटा गाड़ने को लेकर पीड़ित अनमोल ने पुलिस में एक लिखित प्रार्थना पत्र दिया था, जिससे आरोपी पक्ष बुरी तरह खार खाया हुआ था।
जेब से लूटे 10 हजार रुपये, पुलिस जांच में जुटी
बेरहमी से की गई इस मारपीट में अनमोल का सिर बुरी तरह फट गया और उसका एक हाथ भी फ्रैक्चर हो गया। पीड़ित का गंभीर आरोप है कि जब वह अचेत होने लगा, तो आरोपियों ने उसकी जेब की तलाशी ली और मेहनत की कमाई के रखे हुए 10 हजार रुपये भी जबरन छीन लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने किसी तरह मामले की सूचना तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को दी।