कानपुर-इटावा हाईवे पर रविवार देर रात को एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहां अनियंत्रित होकर एक तेज रफ्तार कार हाईवे के डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में चंद सेकेंडों के भीतर ही भयंकर आग लग गई।
भड़पुरा मोड़ के पास अनियंत्रित होकर पलटी कार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह भीषण हादसा रविवार देर रात करीब 1 बजे के आसपास कानपुर-इटावा हाईवे पर मुंगीसापुर के भड़पुरा मोड़ के पास हुआ। एक तेज रफ्तार फॉक्सवैगन वेंटो कार औरैया की तरफ से कानपुर की ओर आ रही थी।
सीओ और थाना प्रभारी ने दमकल कर्मियों के साथ बुझाई आग
हाईवे पर धू-धू कर जलती कार को देखकर राहगीरों ने तुरंत स्थानीय प्रशासन को इसकी सूचना दी। खबर मिलते ही सीओ डेरापुर धर्मेंद्र कुमार सिंह और सिकंदरा/मुंगीसापुर क्षेत्र के थानाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने तत्काल दमकल विभाग की गाड़ी को मौके पर बुलाया और राहत कार्य शुरू किया। फायर ब्रिगेड की मदद से जब तक कार में लगी भीषण आग को पूरी तरह से बुझाया गया, तब तक कार के अंदर मौजूद दोनों व्यक्ति पूरी तरह से कंकाल बन चुके थे और उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
गुजैनी इलाके के रहने वाले थे दोनों मृतक, परिवारों में कोहराम
शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला था कि दुर्घटनाग्रस्त दिल्ली नंबर की यह वेंटो कार समीर सिंह पुत्र संजीव सिंह, निवासी आरके पुरम, नई दिल्ली के नाम पर पंजीकृत है। शव पूरी तरह से जल जाने के कारण शुरुआत में शिनाख्त करने में काफी मुश्किलें आ रही थीं, लेकिन पुलिस ने तकनीकी जांच और गाड़ी के चेसिस नंबर के आधार पर अब दोनों मृतकों की पुख्ता शिनाख्त कर ली है।
पुलिस के अनुसार, पहले मृतक की पहचान 22 वर्षीय ओम शुक्ला पुत्र राजू शुक्ला उर्फ राजीव शुक्ला के रूप में हुई है, जो तात्या टोपे नगर, थाना गुजैनी, कानपुर नगर के रहने वाले थे। वहीं, दूसरे मृतक की पहचान 40 वर्षीय गुरुप्रीत सिंह ढिल्लो पुत्र अजीत सिंह के रूप में हुई है, जो मेहरबान सिंह का पुरवा, थाना गुजैनी, कानपुर नगर के निवासी थे।