फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur: खूंटा गाड़ने के विवाद में युवक का सिर फोड़ा, हाथ भी तोड़ा, 10 हजार रुपये छीनने का आरोप

Mon, 20 Jul 2026 02:10 PM IST
प्रसून शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला,कानपुर

सार

Kanpur News: सचेंडी थाना क्षेत्र के बिनौर गांव में घर के सामने जानवर बांधने के लिए खूंटा गाड़ने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पीड़ित युवक का आरोप है कि पड़ोसी के रिश्तेदारों ने ऑटो से खींचकर उसकी पिटाई की, जिससे उसका सिर फट गया और हाथ में भी गंभीर चोट आई। आरोपियों पर 10 हजार रुपये छीनने का भी आरोप है।
विज्ञापन
सचेंडी थाना - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कानपुर जिले के सचेंडी थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पड़ोसी द्वारा घर के सामने जबरन जानवर बांधने के लिए खूंटा गाड़ने का विरोध करना एक युवक को बेहद महंगा पड़ गया। शिकायत से बौखलाए आरोपी पड़ोसी के दबंग रिश्तेदारों ने सरेराह एक ऑटो को रुकवाया और उसमें सवार युवक को घसीट कर बाहर निकाल लिया।

विज्ञापन

आरोपियों ने युवक को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा, जिससे उसका सिर फट गया और हाथ भी टूट गया। पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान दबंगों ने उसकी जेब से उसकी पूरी सैलरी भी लूट ली। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

होटल से सैलरी लेकर घर लौट रहा था पीड़ित युवक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सचेंडी इलाके के बिनौर गांव निवासी अनमोल सिंह एक होटल में काम करके अपने परिवार का गुजारा करता है। पीड़ित अनमोल ने बताया कि रविवार की शाम करीब 7 बजे वह होटल में काम खत्म करने के बाद अपनी महीने की सैलरी के 10 हजार रुपये लेकर वापस अपने घर लौट रहा था।

इसी दौरान जैसे ही उसका ऑटो हाईवे पर कटारिया रोड के पास पहुंचा, तभी अचानक वहां पहले से घात लगाकर बैठे गोलू उर्फ बृजेंद्र और उसके 4 से 5 अज्ञात साथियों ने ऑटो को जबरन बीच रास्ते में रुकवा लिया। आरोपियों ने अनमोल को ऑटो से बाहर खींच लिया और सरेआम उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।

शिकायत दर्ज कराने से नाराज थे पड़ोसी के रिश्तेदार

पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने उसे पीटते हुए चिल्लाकर कहा कि उसने उनके मौसा रामप्रताप सिंह और मुनन्द के खिलाफ पुलिस में खूंटा गाड़ने की शिकायत क्यों दर्ज कराई है। दरअसल, कुछ दिन पूर्व ही पड़ोसी द्वारा घर के सामने अवैध रूप से खूंटा गाड़ने को लेकर पीड़ित अनमोल ने पुलिस में एक लिखित प्रार्थना पत्र दिया था, जिससे आरोपी पक्ष बुरी तरह खार खाया हुआ था।

दबंगों ने अनमोल को धमकी दी कि अगर उसने अपना प्रार्थना पत्र तुरंत वापस नहीं लिया, तो वे उसे जान से मार डालेंगे। जब अनमोल ने इस गुंडागर्दी का विरोध किया, तो आरोपियों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से उसके सिर पर कई ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।

जेब से लूटे 10 हजार रुपये, पुलिस जांच में जुटी

बेरहमी से की गई इस मारपीट में अनमोल का सिर बुरी तरह फट गया और उसका एक हाथ भी फ्रैक्चर हो गया। पीड़ित का गंभीर आरोप है कि जब वह अचेत होने लगा, तो आरोपियों ने उसकी जेब की तलाशी ली और मेहनत की कमाई के रखे हुए 10 हजार रुपये भी जबरन छीन लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने किसी तरह मामले की सूचना तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को दी।

विज्ञापन

सचेंडी थाना इंस्पेक्टर ने बताया कि घायल पीड़ित अनमोल सिंह की तरफ से पुलिस को एक लिखित तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल युवक को तुरंत अस्पताल भिजवाया, जहां उसका विधिवत मेडिकल कराया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है और नामजद आरोपी गोलू व उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें