कानपुर जिले के बाबूपुरवा थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां अपनी सगी बहन की आबरू और सम्मान की रक्षा करने की खातिर एक 23 वर्षीय भाई को अपनी जान गंवानी पड़ी। डिग्गी तालाब के पास रेलवे ट्रैक के किनारे गुरुवार सुबह इस युवक का लहूलुहान शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
शौच के लिए गया था युवक, ट्रैक किनारे मिली लाश
जानकारी के मुताबिक, जूही थाना क्षेत्र की एक बस्ती का रहने वाला 23 वर्षीय मृतक युवक पेशे से पिकअप चालक था। गुरुवार सुबह करीब नौ बजे वह अपने घर से महज 500 मीटर दूर स्थित डिग्गी तालाब के पास शौच के लिए गया था।
जेल से छूटने के बाद भी नहीं सुधरा शोहदा, भाई से हुई थी भिड़ंत
मृतक के पिता ने रोते हुए पुलिस को बताया कि बस्ती का ही रहने वाला पल्लेदार अरुण पिछले एक साल से उनकी बेटी (मृतक की बहन) को लगातार परेशान कर रहा था और उस पर फब्तियां कसता था। बीते साल अगस्त में तंग आकर बेटी ने आरोपी अरुण के खिलाफ जूही थाने में छेड़खानी की नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने उसे जेल भेज दिया था।
खुलेआम दी थी पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी
लहूलुहान शव के पास बैठी मृतक की बहन का रो-रोकर बुरा हाल था। उसने रोते हुए बताया कि आरोपी अरुण के हौसले इतने बुलंद थे कि उसने समाज और कानून का डर छोड़ दिया था। भाई से हुए विवाद के बाद उसने खुलेआम चुनौती दी थी कि वह पूरे परिवार को एक-एक करके खत्म कर देगा। आखिरकार गुरुवार सुबह उसने अपने साथियों के साथ मिलकर भाई को अकेला पाकर मौत के घाट उतार दिया।