अंतिम संस्कार में शामिल होने आया था युवक
जानकारी के अनुसार, कानपुर के पी रोड स्थित वानखंडेश्वर मंदिर के पास रहने वाला मयंक चौरसिया अपने मोहल्ले के ही एक व्यक्ति के अंतिम संस्कार में शामिल होने भैरव घाट आया हुआ था। दाह संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मयंक घाट पर गंगा स्नान करने लगा। इसी दौरान अचानक गहरे पानी में चले जाने और तेज बहाव की चपेट में आने से वह डूबने लगा।
फाइल फोटो मयंक चौरसिया
- फोटो : amar ujala
गोताखोरों की मदद से तलाश जारी
साथ मौजूद लोगों ने युवक को डूबता देख तुरंत शोर मचाया और मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुँची। शुरुआत में गोताखोरों के पहुँचने में थोड़ी देरी हुई, लेकिन इसके बाद जल पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने पानी में उतरकर मयंक की तलाश शुरू कर दी।
हादसे की खबर मिलते ही युवक के परिजनों और पी रोड क्षेत्र में कोहराम मच गया है। परिजन और मोहल्ले के लोग भारी संख्या में भैरव घाट पहुँच गए हैं, जहाँ हर कोई मयंक की सलामती की प्रार्थना कर रहा है। फिलहाल जल पुलिस की टीम गंगा में युवक को खोजने के लिए लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही है।