गंगा मेला पर मंगलवार को गोविंदनगर में बाइक सवार होरियारों ने पैदल सड़क पार कर रहे युवक को टक्कर मार दी। हादसा डीबीएस कॉलेज वाली रोड पर स्थित भाटिया भवन के पास हुआ। इससे युवक की माैत हो गई। आरोपी बाइक छोड़कर मौके से भाग निकले। परिजन का आरोप है बाइक सवार युवक नशे में थे।
गोविंदनगर डीबीएस कच्ची बस्ती निवासी चंदन (40) पेंटिंग का काम करते थे। वह चार भाइयों में सबसे बड़े थे। भाई सरवन ने बताया की 13 साल पहले चंदन की पत्नी की मौत हो गई थी। परिवार में बेटा पवन और बेटियां जाह्नवी व बाला हैं। मंगलवार शाम चंदन घर के पास स्थित दुकान से सामान लेने के लिए सड़क पार कर रहे थे, तभी गोविंदपुरी की ओर से आई तेज रफ्तार सुपर स्प्लेंडर बाइक ने टक्कर मार दी। बाइक पर चार युवक सवार थे। वह रंग खेलकर लौट रहे थे। हादसे में चंदन के चेहरे, सिर और सीने में चोट आई है उन्हें नजदीक के अस्पताल ले गए जहां से उसे हैलट रेफर कर दिया गया। हैलट में डाॅक्टर ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। गोविंदनगर थाने में तैनात अतिरिक्त निरीक्षक अभय सिंह ने बताया कि बाइक को कब्जे में ले लिया है। पीड़ित परिजन जो तहरीर देंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।