राज्य कर अधिकारी (विअनुशा) दीपक सिंह ने फर्जी फर्म बनाकर 1.73 करोड़ की कर चोरी के मामले में प्रतापगढ़ के पर्वतपुर निवासी सिम्मी सिंह के खिलाफ स्वरूपनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। निरीक्षण के दौरान बताई जगह पर कोई भी फर्म न मिली। राज्य कर अधिकारी (विअनुशा) ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि अभिलेखों की समीक्षा में पाया गया कि सर्वश्री एस एस इंटरप्राइजेज को होजरी गुड्स की आपूर्ति के लिए जीएसटी नंबर दिया गया था।
फर्म की स्वामिनी प्रतापगढ़ के पर्वतपुर निवासी सिम्मी सिंह के फर्म का पता हैलट पुल के पास दर्ज किया गया। जांच में पता चला कि आवेदन के दौरान दाखिल किए गए प्रपत्र कूटरचित तरीके से दाखिल किए गए थे। ई-वे बिल पोर्टल में फर्म द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में 17 फरवरी 2026 तक 3,20,83,500 मूल्य के आउटवर्ड सप्लाई के ई वे बिल डाउनलोड किए गए हैं। अफसर के अनुसार, फर्म ने फर्जी टैक्स इनवाइस और ई वे बिल जनरेट करते हुए कुल 1,73,31,062 की राजस्व क्षति पहुंचाई है। मौके पर 10 फरवरी को जब व्यापार स्थल की जांच की गई तो वहां ऐसी कोई फर्म नहीं मिली। आसपास लोगों ने ऐसी कोई भी फर्म के बारे में जानकारी से मना कर दिया। स्वरूप नगर थाने में तहरीर दी। स्वरूपनगर इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह ने बताया कि फर्म स्वामिनी सिम्मी सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।