कानपुर में कल्याणपुर स्टेशन पर गुरुवार की सुबह दबंगों ने कालिंदी एक्सप्रेस से युवक को खींचकर पीटा और कार में अगवा कर ले गए। इसका वीडियाे वायरल होने के बाद पुलिस भी सक्रिय हो गई। इस पर आरोपी उसे उत्तरीपुरा के पास छोड़कर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर फर्रुखाबाद जीआरपी थाने में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। घटनास्थल फर्रुखाबाद थाने के अंतर्गत आता है।
बिल्हौर के पुरा गांव निवासी अक्षय दुबे गुरुवार की सुबह करीब सवा नौ बजे अपने कुछ दोस्तों के साथ कालिंदी एक्सप्रेस से कल्याणपुर स्टेशन पहुंचा। यहां स्टेशन पर मौजूद आठ से दस युवकों ने ट्रेन से खींच लिया और पीटते हुए कार में डालकर ले गए। अक्षय दुबे का आरोप है कि कार के अंदर भी पीटा, मुंह में तमंचा डालकर धमकी दी। इससे वह बेहोश हो गया। सूचना पर पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे देखे। इसके साथियाें ने गाड़ी नंंबर भी दे दिया। पुलिस ने पीछा किया तो आरोपी उसे उत्तरीपुरा के पास छोड़कर गए। पुलिस उसे लेकर थाने आ गई।
मुकदमे को लेकर खींचतान
मुकदमा दर्ज करने को लेकर पुलिस और जीआरपी में खींचतान मची रही। घटनास्थल जीआरपी के अंतर्गत आने की वजह से पीड़ित और उनका परिवार अनवरगंज जीआरपी चौकी गए। वहां से उन्हें फर्रुखाबाद जीआरपी थाने ले जाया गया। वहां पर एफआईआर हुई। चौकी इंचार्ज के मुताबिक उत्तरीपुरा के पास राधन गांव के हिमांशु, दिपांशु, रोहित, प्रफुल दुबे और कुछ अज्ञात युवकों के खिलाफ मारपीट और अपहरण के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है।