Kanpur News: सूरत से घर लौट रहा युवक कानपुर के सेन पश्चिमपारा इलाके में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिला। युवक का शव जंगल में पेड़ से लटका पाया गया है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।
कानपुर के सेन पश्चिमपारा थाना क्षेत्र में शनिवार को जंगल में एक युवक का शव पेड़ से रस्सी के सहारे लटका मिला। पशु चराने गए ग्रामीणों ने शव को लटकता देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने छानबीन कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फतेहपुर के चांदपुर निवासी रामलाल किसान हैं। उनका बेटा लालाराम (33) सूरत की एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। परिजनों के मुताबिक, लालाराम शुक्रवार को सूरत से घर लौटने के लिए निकला था।
विज्ञापन
परिवार को उम्मीद थी कि वह शनिवार रात तक घर पहुंच जाएगा, लेकिन उससे संपर्क नहीं हो सका। परिजनों ने बताया कि शनिवार को कई बार फोन करने पर उसका मोबाइल बंद मिला। देर शाम सेन पश्चिमपारा पुलिस ने सूचना दी कि जंगल में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला है। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और शव की पहचान लाला राम के रूप में की। पिता रामलाल ने बताया कि सूरत से निकलते समय बेटे ने फोन कर घर आने की जानकारी दी थी और कहा था कि वह ट्रेन से यात्रा कर रहा है। इसके बाद उसकी मौत की जानकारी मिली।