बिधनू में मझावन चौकी क्षेत्र के एक किन्नर के साथ रहने वाले युवक ने चकेरी के किन्नर पर चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर साथियों संग मिलकर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लिंग परिवर्तन करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर युवक को जमकर पीटा। किसी तरह भागकर घर पहुंचे युवक ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। गुरुवार शाम किन्नर साथियों के साथ बिधनू थाने पहुंचकर युवक ने आरोपी किन्नर और उसके साथियों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने जांच का आश्वासन दिया है।
मूलरूप से साढ़ थाना क्षेत्र निवासी 25 वर्षीय युवक कई वर्षों से बिधनू थाना क्षेत्र के एक किन्नर के साथ रहता है। युवक ने चकेरी क्षेत्र के किन्नर पर आरोप लगाया है कि 29 नवंबर को एक किन्नर ने उसे बहाने से चकेरी बुलाया। वहां पर चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर किन्नर ने दो साथियों के साथ मिलकर उसका शारीरिक शोषण किया। वीडियो भी बनाया गया। होश आने पर वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए अवैध वसूली करने का दबाव बनाया। वह किसी तरह बचकर बिधनू आ गया।
सात दिसंबर को फिर से आरोपियों ने फोन करके वीडियो वायरल करने की धमकी देकर फिर से बुला लिया। जबरन लिंग परिवर्तन करने का दबाव बनाया और पीटा। नौ दिसंबर को युवक किसी तरह किन्नर के चंगुल से बचकर घर पहुंचा। गुरुवार शाम परिजनों व बिधनू क्षेत्र के दो दर्जन किन्नर साथियों के साथ बिधनू थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। बिधनू थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि घटनास्थल चकेरी थाना क्षेत्र का है। फिर भी तहरीर लेकर मामले की जांच की जाएगी।