कानपुर के मेहरबान सिंह पुरवा में रविवार को आयोजित दंगल में अद्भुत नजारा देखने को मिला, जब प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक खुद को रोक नहीं पाए और सीधे अखाड़े के बीच पहुंच गए। स्व. चौधरी हरमोहन सिंह यादव की पुण्य स्मृति में आयोजित इस दंगल में डिप्टी सीएम ने न केवल पहलवानों का हाथ मिलवाया, बल्कि हाथ में माइक थामकर खुद कुश्ती का संचालन और कॉमेंट्री भी की।
जैसे ही उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक सफेद कुर्ता-पायजामा पहने अखाड़े की मिट्टी के बीच पहुंचे, पूरे मैदान में भारत माता की जय के नारे गूंज उठे। उन्होंने दिल्ली के दिग्गज आशीष पहलवान और हरियाणा के जोंटी पहलवान के बीच होने वाले मुकाबले का संचालन किया। डिप्टी सीएम को कॉमेंट्री करते देख दंगल देख रहे हजारों दर्शक रोमांचित हो उठे। उन्होंने पहलवानों का उत्साह बढ़ाते हुए दांव-पेंचों की बारीकियों पर भी टिप्पणी की।