नजीराबाद थाने के बगल में बाइक सवार शोहदों ने महिला से सरेराह छेड़छाड़ की, जब उनके पति ने विरोध किया तो उनके साथ गाली गलौज के बाद मारपीट हुई। यह घटना शुक्रवार देर शाम की है। पीड़ित दंपती बाइक से बाजार जा रहे थे। रेलवे क्रॉसिंग बंद होने पर थाने के पास रुक गए। पीछे से आए शोहदों ने घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
कमलानगर निवासी युवक ने बताया कि शुक्रवार की शाम को पत्नी के साथ बाइक से घर का सामान लेने के लिए बाजार जा रहे थे। कोकाकोला क्रॉसिंग बंद होने के कारण दंपती वहीं रुक गए। इसी बीच बाइक सवार दो नशेबाज भी आ गए। आरोप है कि कुछ देर रात उन्हें देखा। इसके बाद पत्नी को इशारा करते हुए कहा कि आओ भाभी मैं आपको छोड़ दूंगा। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो नशेबाजों ने गाली गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की। भीड़ जुटने पर आरोपी मौके से भाग निकले। घटना के बाद दंपती इसकी शिकायत लेकर नजीराबाद थाने पहुंचे। उन्होंने पूरे घटनाक्रम बताया। इंस्पेक्टर राजकेसर के मुताबिक मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी रही है। मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।