कानपुर में चकेरी थाना क्षेत्र के परदेवनपुरवा लालबंगला निवासी बीनू यादव (38) की शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुरालीजनों ने तीन दिन से बुखार आने के बाद उपचार के दौरान मौत होने की बात कही, जबकि मायके पक्ष ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने, भूखा रखने और बीमारी के दौरान इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। महिला की मौत की सूचना पर पहुंचे मायकेवालों ने हंगामा किया।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फतेहपुर के औंग थाना क्षेत्र के आशा अभयपुर निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक गोरेलाल ने बताया कि उनकी चार बेटियों में बीनू की शादी करीब 12 साल पहले परदेवनपुरवा निवासी सेवानिवृत्त फौजी हरिमोहन के बेटे अनिल यादव से हुई थी। बीनू के दो बच्चे कार्तिक और नित्या हैं। परिवार में गोरेलाल की पत्नी अनु देवी और इकलौता बेटा अनुज भी है।