कानपुर में प्याज के थोक भाव पांच रुपये किलो कम हुए है। मंडी में प्याज की आपूर्ति बढ़ाने के सरकार के प्रयास का बाजार पर असर दिख रहा है। थोक में प्याज का भाव 35 रुपये किलो हो गया है, जबकि पूर्व में इसके दाम 40 रुपये किलो के स्तर पर चले गए थे। फुटकर में एक दिन पहले तक प्याज 60 रुपये किलो था। टमाटर, शिमला मिर्च, अदरक के भावों में कमी आई है।
हरी सब्जी व्यापार मंडल चकरपुर मंडी के अध्यक्ष सौरभ पांडेय ने बताया कि चकरपुर मंडी में बुधवार को 20-25 ट्रक प्याज आया। दो-तीन दिन पहले तक 40-45 ट्रक प्रतिदिन आ रहे थे। एक ट्रक में 20-22 टन प्याज रहता है। वर्तमान में प्याज नासिक से आ रहा है। प्याज की बढ़ती कीमतों को थामने के सरकारी प्रयासों के चलते भावों में कमी देखी जा रही है। फुटकर में टमाटर 30 रुपये किलो हो गया है।